तीन-अंडर 67 के साथ सुनीत, मुकीम और दीपांकर ने बनाई संयुक्त बढ़त

0
58

वाराणसी : कोलकाता के सुनीत चौरसिया, मथुरा के मुकीम अली और नोएडा के दीपांकर कौशल ने बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में खेले जा रहे पहले आईएनआर 25 लाख डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन-वाराणसी के पहले दौर के बाद तीन-अंडर 67 के समान स्कोर के साथ संयुक्त बढ़त हासिल की।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर चल रहे सुनीत चौरसिया लगातार दो खिताब जीतकर वाराणसी पहुंचे हैं।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन-वाराणसी के पहले दौर में तीनों ने दिखाया दमदार खेल

उन्होंने मार्च में पटना गोल्फ क्लब में आयोजित अल्फा स्पोर्ट्स अकादमी गोल्फ चैंपियनशिप और पिछले सप्ताह लखनऊ में विजय कुमार मेमोरियल टूर्नामेंट अपने नाम किया था। पहले दौर में उन्होंने एक डबल बोगी, दो बोगी और सात बर्डी लगाकर तीन-अंडर 67 का स्कोर बनाया।

सुनीत ने कहा, “संयुक्त बढ़त में रहना अच्छा लग रहा है। 10वें होल पर डबल बोगी से लय थोड़ी बिगड़ी, लेकिन मैंने धैर्य बनाए रखा और अपनी रणनीति पर कायम रहते हुए वापसी की।”

मथुरा के मुकीम अली ने भी तीन-अंडर 67 का कार्ड खेला। उन्होंने पांच बर्डी और दो बोगी लगाईं। खास बात यह रही कि उन्होंने 16वें से 18वें होल तक लगातार तीन बर्डी लगाकर संयुक्त बढ़त हासिल की। मुकीम ने कहा, “आज मेरी पटिंग शानदार रही और उसी ने अंतर पैदा किया।”

नोएडा के दीपांकर कौशल ने अपने राउंड में एक ईगल, चार बर्डी, एक बोगी और एक डबल बोगी लगाई। उन्होंने कहा, “मैंने गेंद को काफी अच्छी तरह हिट किया और 17 ग्रीन्स इन रेगुलेशन हासिल किए। डबल बोगी निराशाजनक थी, लेकिन ईगल लगाकर वापसी की और पूरे दिन खुद को मौके देता रहा।”

दिल्ली के पवन वर्मा और गुरुग्राम के निखिल शर्मा दो-अंडर 68 के स्कोर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहे। वहीं, कोलकाता के प्रतीम कुमार और सौविक नायक के साथ वाराणसी के स्थानीय खिलाड़ी हेमंत यादव एक-अंडर 69 के स्कोर के साथ संयुक्त छठे स्थान पर हैं।

पहले दिन स्कोरिंग आसान नहीं रही और 72 खिलाड़ियों के मैदान में केवल 11 खिलाड़ी ही इवन-पार 70 या उससे बेहतर स्कोर बना सके। वाराणसी के दूसरे स्थानीय पेशेवर खिलाड़ी इमामुल हक ने 73 का स्कोर बनाया और संयुक्त 26वें स्थान पर रहे।

उल्लेखनीय है कि 2026 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट का विजेता 2027 सत्र के लिए मुख्य डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई टूर में खेलने का विशेष अधिकार (एक्जेम्प्शन) हासिल करेगा।

ये भी पढ़ें : पहली बार वाराणसी पहुंचेगा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन टूर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here