भारत में ब्रिज को मिलेगा पेशेवर स्वरूप, जेकेसी स्पोर्ट्स- बीएफआई में एमओयू

0
43

गोवा। भारत में ब्रिज खेल को पेशेवर स्वरूप देने और इसके जमीनी स्तर पर विस्तार के उद्देश्य से जेकेसी स्पोर्ट्स और ब्रिज फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

इस साझेदारी के तहत देशभर में ब्रिज के लिए मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और खेल को तकनीक आधारित आधुनिक ढांचा प्रदान करने की दिशा में काम किया जाएगा।

इस समझौते की घोषणा गोवा में आयोजित 5वीं बोनस एशिया कप ब्रिज चैंपियनशिप के उद्घाटन दिवस पर की गई। 21 से 27 जून तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 16 देशों की 46 टीमें और 290 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं,

जिससे यह एशिया की प्रमुख महाद्वीपीय ब्रिज प्रतियोगिताओं में शामिल हो गई है। मेजबान भारत इस बार अपने खिताब की रक्षा के इरादे से उतरा है।

एमओयू के तहत जेकेसी स्पोर्ट्स जमीनी स्तर पर प्रतिभा विकास, संरचित मेंटर-मेंटी कार्यक्रम और टेक्निकल डायरेक्टर अकादमी (टीडी अकादमी) के विकास पर काम करेगा। इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों और नए शहरों में ब्रिज खेल के विस्तार, जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस खेल से जोड़ने के लिए भी विशेष पहल की जाएगी।

इस पहल का उद्देश्य प्रतिभाओं की शुरुआती पहचान करना, उभरते खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने के स्पष्ट अवसर तैयार करना और ब्रिज को अधिक पेशेवर स्वरूप प्रदान करना है।

दोनों संगठन तकनीक और डिजिटल नवाचार के जरिए खेल के विकास पर भी काम करेंगे। इसके तहत mybridge360.com जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से कोचिंग, प्रतियोगिताओं और खेल संचालन से जुड़े डिजिटल उपकरणों और प्रणालियों को मजबूत किया जाएगा।

जेके सीमेंट के सीईओ एवं जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर तथा जेकेसी स्पोर्ट्स के सह-संस्थापक माधव सिंघानिया ने कहा कि भारत में ब्रिज का एक मजबूत और समर्पित खिलाड़ी वर्ग रहा है,

लेकिन इसे अब तक वह पेशेवर संरचना नहीं मिल पाई जिसकी यह खेल हकदार है। उन्होंने कहा कि बीएफआई के साथ यह साझेदारी युवा खिलाड़ियों में निवेश, मेंटरशिप, तकनीकी प्रशिक्षण और तकनीक आधारित आधुनिक व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

ये भी पढ़ें : यूपी की सौम्या श्रीवास्तव की भारतीय जूनियर महिला हैंडबॉल टीम में एंट्री

ब्रिज फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष प्रसाद वी. केनी ने कहा कि यह एमओयू भारत में ब्रिज के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि जेकेसी स्पोर्ट्स के साथ साझेदारी से फेडरेशन को खेल को युवाओं तक पहुंचाने और इसे अधिक पेशेवर स्वरूप देने के लिए आवश्यक संसाधन और विशेषज्ञता प्राप्त होगी।

चैंपियनशिप में ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, चीन, चाइनीज ताइपे, हांगकांग चीन, इंडोनेशिया, जापान, कुवैत, मलेशिया, न्यूजीलैंड, फिलीपींस, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, श्रीलंका, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और मेजबान भारत के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

पिछले संस्करण में भारतीय सीनियर टीम ने स्वर्ण पदक जीता था, जबकि पूजा बत्रा और आशा शर्मा की जोड़ी ने महिला युगल वर्ग का खिताब अपने नाम किया था।

पुरुष, महिला, मिश्रित और सीनियर टीम वर्गों के क्वालिफिकेशन मुकाबले 22 से 25 जून तक खेले जाएंगे। सेमीफाइनल मुकाबले 26 जून को होंगे, जबकि 27 जून को टीम और पेयर्स फाइनल के साथ चैंपियनशिप का समापन होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here