यूटीटी में पहली बार एआई करेगा अंपायरों की मदद, 20 सेकंड में मिलेगा रिव्यू

0
32

नई दिल्ली। अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) के सातवें सीजन में अंपायरिंग को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए पहली बार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित टेबल टेनिस रिव्यू (टीटीआर) सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा।

9 से 26 जुलाई तक गोवा में होने वाले टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों में यह तकनीक लागू रहेगी, जो विवादित फैसलों की 20 सेकंड से भी कम समय में साक्ष्य आधारित समीक्षा करेगी।

आयोजकों के अनुसार, टेबल टेनिस की तेज रफ्तार और जटिल परिस्थितियों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया यह सिस्टम छह प्रमुख अंपायरिंग स्थितियों की समीक्षा करेगा।

इनमें सर्विस के दौरान गेंद उछालने की ऊंचाई, उछाल का कोण, गेंद का टेबल की सतह से नीचे उछलना, खेल क्षेत्र के अंदर या बाहर गिरना, सर्विस के दौरान गेंद का छिपना तथा टेबल के किनारे (एज बॉल) पर गेंद लगने से जुड़े फैसले शामिल हैं।

रिव्यू सिस्टम के लिए कोर्ट के चारों ओर 14 से 15 हाई-स्पीड सिंक्रोनाइज्ड कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे गेंद की गति, सर्विस की तकनीक और टेबल पर गेंद के संपर्क बिंदु को अलग-अलग कोणों से रिकॉर्ड करेंगे।

ये भी पढ़ें : यूटीटी सीजन 7 नीलामी: यूपी प्रोमेथियंस से खेलेंगे मानव ठक्कर और यांग्ज़ी लियू

ये भी पढ़ें : चैंपियनों की टक्कर, पहले मैच में यू मुंबा टीटी की डेम्पो गोवा चैलेंजर्स से टक्कर

ये भी पढ़ें : यूटीटी सीजन 6: यू मुम्बा की विजयी झंकार, पहली बार ट्रॉफी पर किया कब्ज़ा

इसके बाद एआई इंजन इन आंकड़ों का विश्लेषण कर कुछ ही सेकंड में दृश्य प्रमाण तैयार करेगा, जिससे मैच अधिकारियों को सही फैसला लेने में मदद मिलेगी।

इस तकनीक को लाइव प्रसारण से भी जोड़ा जाएगा, ताकि दर्शक भी वास्तविक समय में पूरी रिव्यू प्रक्रिया देख सकें। यूटीटी वर्ष 2019 से लगातार तकनीक और डेटा एनालिटिक्स का उपयोग बढ़ा रहा है।

लीग में पहले से एआई आधारित लाइव सांख्यिकी, रियल-टाइम स्कोरिंग, खिलाड़ियों और टीमों का डेटाबेस, अंक तालिका, मैच आंकड़े, उन्नत प्रदर्शन विश्लेषण और शॉट स्पीड ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

अब एआई आधारित रिव्यू सिस्टम के जुड़ने से प्रतियोगिता में पारदर्शिता और निष्पक्षता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here