युवा क्रिकेटरों को बड़ा अवसर, एलसीए आयोजित करेगा 7-ए-साइड लीग

0
52

लखनऊ। युवा और किशोर क्रिकेटरों को अधिक से अधिक प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लखनऊ क्रिकेट अकादमी (एलसीए) में विशेष प्रारूप की सेवन-ए-साइड (7-ए-साइड) क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में अकादमी की आठ टीमें हिस्सा लेंगी और सभी मुकाबले प्रतिदिन शाम 4 बजे से खेले जाएंगे।

लखनऊ क्रिकेट हॉस्टल के प्रबंधक अब्बास अली रिजवी ने बताया कि सामान्य तौर पर सेवन-ए-साइड क्रिकेट छह-छह ओवर के मुकाबलों का प्रारूप होता है, जिसमें प्रत्येक टीम में सात खिलाड़ी होते हैं तथा प्रति ओवर आठ गेंदें फेंकी जाती हैं। यह प्रारूप छोटे मैदान पर खेला जाता है और अपनी तेज़ रफ्तार व रोमांच के लिए जाना जाता है।

उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रतियोगिता के प्रारूप में बदलाव किया गया है, ताकि खिलाड़ियों को अधिक खेलने का अवसर मिल सके।

संशोधित प्रारूप के अनुसार प्रत्येक पारी 10 ओवर की होगी और प्रत्येक ओवर में छह गेंदें फेंकी जाएंगी। हर टीम में सात खिलाड़ी होंगे तथा एक पारी में अधिकतम पांच गेंदबाजों का उपयोग किया जा सकेगा।

ये भी पढ़ें : कपिल देव सिंगल विकेट ट्रॉफी: मोहम्मद हैदर विजेता, काव्यांश उपविजेता

प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें भाग लेंगी और प्रत्येक टीम को सात लीग मैच खेलने का अवसर मिलेगा। लीग चरण के बाद अंक तालिका और बेहतर रन औसत के आधार पर शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। इसके बाद फाइनल और तीसरे स्थान के लिए मुकाबला खेला जाएगा।

प्रतियोगिता में कुल 32 मैच आयोजित किए जाएंगे। इसमें भाग लेने वाली टीमों का चयन खिलाड़ियों की प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमें हैं— लखनऊ क्रिकेट अकादमी, एलसीए चौक, एलसीए क्लब, शीश महल क्रिकेट क्लब, के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम, मैनचेस्टर क्रिकेट क्लब, सफीपुर क्रिकेट क्लब और लखनऊ क्रिकेट हॉस्टल।

अब्बास अली रिजवी ने बताया कि सेवन-ए-साइड क्रिकेट का यह प्रारूप विशेष रूप से सिंगापुर में काफी लोकप्रिय है और लखनऊ क्रिकेट अकादमी की टीमें कई बार वहां आयोजित प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं।

इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए लखनऊ में भी इस प्रारूप को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रतियोगिता के कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी सभी खिलाड़ियों को शीघ्र उपलब्ध करा दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here