दो बार ऑस्कर जीतने वाले हॉलीवुड डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने भारत के महान फिल्मकार सत्यजीत रे की तारीफ की है। इतना ही नहीं, उन्होंने ये भी बताया कि उनकी फेवरेट भारतीय फिल्म कौन-सी है।
क्राइटेरियन कलेक्शन ने जो वीडियो शेयर किया है उस वीडियो में क्रिस्टोफर नोलन दुनिया भर की फेमस फिल्मों के कलेक्शन को देखते नजर आ रहे हैं। इस दौरान जब उनकी नजर सत्यजीत रे की ‘द अपू ट्रायलॉजी’ पर पड़ी, तो उन्होंने कहा, ‘ये भारत के सबसे महान फिल्म निर्माताओं में से एक सत्यजीत रे की ‘द अपू ट्रायलॉजी’ है।
इसकी शुरुआत ‘पाथेर पांचाली’ से हुई थी, जो एक अद्भुत फिल्म है। इसने मेरे होश उड़ा दिए थे। मैंने अभी तक इस ट्रायलॉजी के दूसरा और तीसरा पार्ट नहीं देखा है इसलिए मैं इन्हें ले जाने और इस कहानी को पूरा करने के लिए काफी एक्साइटेड हूं।’
नोलन का ये वीडियो सामने आते ही सिनेप्रेमी खुश हो गए हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘एक बेहतरीन डायरेक्टर ने दूसरे बेहतरीन डायरेक्टर की तारीफ की है।’ दूसरे फैन ने लिखा, ‘ये तो ऐसा है जैसे एक भगवान दूसरे भगवान की तारीफ कर रहे हों।’ अन्य यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, ‘ये जानकर हैरानी हुई कि उन्होंने अब तक सिर्फ ‘पाथेर पांचाली’ ही देखी है, बाकी दो पार्ट्स नहीं!’
विभूतिभूषण बंद्योपाध्याय के उपन्यासों पर आधारित ‘द अपू ट्रायलॉजी’ में तीन फिल्में
1. पाथेर पांचाली (1955)
2. अपराजितो (1956)
3. अपूर संसार (1959)
ये सीरीज एक गांव के गरीब लड़के ‘अपू’ के बचपन से लेकर उसके बड़े होने तक के सफर को दिखाती है। ये ट्रायलॉजी सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में फेमस है। इस ट्रायलॉजी को तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के साथ-साथ कान्स, बर्लिन और वेनिस जैसे अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में भी सम्मान हासिल किए हैं।
क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘द ओडिसी’ बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान रच रही है। फिल्म क्रिस्टोफर नोलन के करियर की सबसे बड़ी ओपनर बनी है। वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस और भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर रही है। इस फिल्म में मैट डेमन, एनी हैथवे और टॉम हॉलैंड लीड रोल में हैं।
ये भी पढ़े : आर्टिकल 370 की बड़ी उपलब्धि, आदित्य धर बोले- दर्शकों के प्यार ने इसे खास बना दिया













