लखनऊ। अचिंत्य प्रजापति, विनायक तिवारी, अनंत कुमार, दिव्या यादव, अदिति चौधरी ने प्रथम लखनऊ जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप में उम्दा खेल दिखाते हुए स्वर्णिम सफलता हासिल की।
उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो के तत्वावधान में लखनऊ ताइक्वांडो की देखरेख में एलीट ताइक्वांडो अकादमी द्वारा केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित चैंपियनशिप में शहर के विभिन्न स्कूलों, क्लबों व प्रशिक्षण केंद्रों के लगभग 700 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी तकनीकी दक्षता, अनुशासन और खेल भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्रथम लखनऊ जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप
चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्य अतिथि बीबीडी ग्रुप की चेयरपर्सन श्रीमती अलका दास गुप्ता ने करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। किया। इस अवसर पर बीबीडी ग्रुप की उपाध्यक्ष सोनाक्षी दास गुप्ता व स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया के निदेशक डॉ. आनंद किशोर पांडेय विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि श्रीमती अलका दास गुप्ता ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. आनंद किशोर पांडेय ने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि ताइक्वांडो केवल पदक जीतने का खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा, आत्मविश्वास और अनुशासित जीवन जीने की कला भी सिखाता है।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करते हुए उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो के सचिव डॉ. रजत आदित्य दीक्षित (कोषाध्यक्ष, इंडिया ताइक्वांडो) ने कहा कि लखनऊ की टीम प्रदेश की सबसे प्रतिभाशाली टीमों में है मुझे विश्वास है कि आगामी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में यहां के खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नाम रोशन करेंगे।
इस चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो कमेटी की ओर से जसवंत सिंह शंकर ऑब्जर्वर नियुक्त थे। चैंपियनशिप का संचालन आयोजन सचिव श्रीयश श्रीवास्तव एवं उनकी टीम ने किया।
ये भी पढ़ें : राजकुमार इंटर कॉलेज और सेंट थॉमस स्कूल फाइनल में
आज खेले गए मुकाबलों में क्योरगी सब जूनियर बालक अंडर-21 किग्रा वर्ग में अचिंत्य प्रजापति ने स्वर्ण पदक जीता। ओजस प्रताप सिंह को रजत तथा अविराज अग्रवाल को कांस्य पदक मिला।
क्योरगी सब जूनियर बालक अंडर-27 किग्रा वर्ग में विनायक तिवारी ने स्वर्ण और आयांश मिश्रा ने रजत पदक अपने नाम किया। क्योरगी सब जूनियर बालक अंडर-32 किग्रा वर्ग में अनंत कुमार ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
क्योरगी कैडेट बालिका अंडर-29 किग्रा वर्ग में दिव्या यादव ने स्वर्ण तथा संजना गुप्ता ने रजत पदक जीता। क्योरगी कैडेट बालिका अंडर-33 किग्रा वर्ग में अदिति चौधरी ने स्वर्ण तथा श्रेया सिंह ने रजत पदक जीता।













