लखनऊ को मिली देश की पहली महिला प्रो वॉलीबॉल लीग की मेजबानी

0
25

लखनऊ। भारतीय महिला वॉलीबॉल के इतिहास में पहली बार खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी आधारित पेशेवर मंच मिलने जा रहा है। देश की पहली विमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग (डब्ल्यूपीवीएल) का पहला संस्करण उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित होगा।

1 से 11 नवंबर तक इकाना इंडोर स्टेडियम में भिड़ेंगी छह फ्रेंचाइजी टीमें, 84 खिलाड़ी लेंगी हिस्सा

1 से 11 नवंबर तक इकाना इंडोर स्टेडियम में होने वाली इस लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमों की 84 महिला खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। इस पहल का उद्देश्य भारतीय महिला वॉलीबॉल को पेशेवर पहचान दिलाने के साथ खिलाड़ियों के लिए बेहतर करियर के अवसर तैयार करना है।

पावर स्पाइक इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड की ओर से प्रमोट की जा रही इस लीग का आधिकारिक अनावरण गुरुवार को शहर के एक होटल में ‘राइजिंग क्वीन ऑफ द कोर्ट’ थीम के साथ किया गया। इस अवसर पर खेल, प्रशासन और उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

डब्ल्यूपीवीएल के संस्थापक बुखरात अहमद ने बताया कि पहले संस्करण में छह शहर आधारित फ्रेंचाइजी टीमें भाग लेंगी। प्रत्येक टीम में 14 खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। इस तरह प्रतियोगिता में देशभर की कुल 84 महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

उन्होंने कहा कि भारत में महिला वॉलीबॉल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन अब तक उन्हें पेशेवर स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने के लिए समर्पित मंच नहीं मिल पाया था। डब्ल्यूपीवीएल इस कमी को दूर करते हुए खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा, आर्थिक अवसर और अपने खेल करियर को नई दिशा देने का अवसर प्रदान करेगी।

समारोह में उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तनवर भाटी सहित खेल प्रशासन और उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। सभी अतिथियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे महिला खेलों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

आयोजकों ने बताया कि लीग की फ्रेंचाइजी टीमों के नाम, खिलाड़ियों की नीलामी (ऑक्शन) की तिथि तथा आधिकारिक ब्रॉडकास्ट पार्टनर की घोषणा आने वाले सप्ताहों में की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here