लखनऊ। उत्तर प्रदेश ने जयपुर में आयोजित 42वीं सब जूनियर राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप-2026 के पहले ही दिन उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13-14 वर्ष आयु वर्ग की 4×100 मीटर मेडले रिले (बालक) स्पर्धा में रजत पदक जीत लिया। उत्तर प्रदेश की टीम ने यह रेस 2:09.69 मिनट के समय में पूरी कर दूसरा स्थान हासिल किया।
उत्तर प्रदेश की विजेता टीम में राज चौहान (लखनऊ स्पोर्ट्स हॉस्टल), आयुष सोनकर ( सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज), मानस सिंह (लखनऊ स्पोर्ट्स हॉस्टल) और राघव यादव (कुशीनगर) शामिल रहे। इन चारों तैराकों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत यूपी को पहले दिन ही पदक मिला।
इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक बंगाल ने 2:09.15 मिनट के समय के साथ अपने नाम किया, जबकि कर्नाटक की टीम 2:09.75 मिनट के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहकर कांस्य पदक जीतने में सफल रही। उत्तर प्रदेश तैराकी संघ के सचिव शिवम कपूर ने इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि आगामी मुकाबलों में भी प्रदेश के तैराक पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाएंगे।












