लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर लखनऊ छावनी देशभक्ति, खेल और फिटनेस के संदेश से सराबोर नजर आई। भारतीय सेना के जवानों, साइकिलिस्टों, नागरिकों और सफाई मित्रों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘हर घर तिरंगा साइकिल रैली एवं तिरंगा वॉकथॉन’ में हिस्सा लिया। करीब 7.5 किलोमीटर की इस यात्रा ने राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता के साथ स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
भारतीय सेना के साथ साइकिलिस्टों ने निकाली तिरंगा यात्रा
मुख्यालय मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया, भारतीय सेना के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लखनऊ छावनी के स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर राकेश कुमार मिश्रा रहे। उनके नेतृत्व में सेना के अधिकारियों और जवानों के साथ बड़ी संख्या में साइकिलिस्टों ने तिरंगा साइकिल रैली में भाग लिया। इस दौरान कर्नल दीपक जोशी भी मौजूद रहे। देशभक्ति के गीतों और नारों के बीच निकली रैली ने पूरे छावनी क्षेत्र को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम के दौरान सेना में आयोजित खेल आयोजनों के सफल समन्वय और सहयोग के लिए स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया के निदेशक एवं पेडलयात्री साइकिलिंग एसोसिएशन के सेक्रेटरी जनरल डॉ. आनंद किशोर पांडेय को सम्मानित किया गया।
ब्रिगेडियर राकेश कुमार मिश्रा ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। यह सम्मान खेल गतिविधियों के प्रभावी संचालन, खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा सेना और खेल संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में उनके योगदान के लिए दिया गया।
रैली में पेडलयात्री एसोसिएशन और स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया से जुड़े बड़ी संख्या में साइकिलिस्टों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। डॉ. आनंद किशोर पांडेय ने भी सेना के जवानों के साथ तिरंगा लेकर साइकिल यात्रा में भाग लिया। रैली लखनऊ छावनी के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और फिटनेस का संदेश दिया।

आयोजन के दौरान साइकिलिंग को केवल खेल के बजाय स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने नियमित साइकिलिंग को शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और अनुशासित जीवनशैली के लिए उपयोगी बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने का संदेश दिया।
खेल आयोजनों में सहयोग के लिए डॉ. आनंद किशोर पांडेय सम्मानित
कार्यक्रम में लखनऊ छावनी के सफाई मित्रों की भागीदारी भी विशेष आकर्षण रही। उन्होंने तिरंगा वॉकथॉन में शामिल होकर देशभक्ति के साथ स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। इस दौरान छावनी क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका को भी रेखांकित किया गया।
ये भी पढ़़ें : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर छावनी में ‘हर घर तिरंगा साइकिल रैली’
डॉ. आनंद किशोर पांडेय ने कहा कि खेल और साइकिलिंग युवाओं में अनुशासन, साहस, टीम भावना और शारीरिक दक्षता विकसित करने के साथ उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत करते हैं। भारतीय सेना के साथ इस तरह के आयोजनों में सहभागिता युवाओं को फिटनेस, खेल और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने के लिए प्रेरित करती है।
सैनिकों, साइकिलिस्टों, सफाई मित्रों और नागरिकों की संयुक्त भागीदारी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भावना को जीवंत किया। आयोजन ने भारतीय सेना और नागरिकों के बीच मजबूत होते आत्मीय संबंधों के साथ खेल, फिटनेस, स्वच्छता और राष्ट्रप्रेम को एक साझा मंच पर लाने का संदेश दिया।
पेडलयात्री एसोसिएशन और स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया ने भविष्य में भी साइकिलिंग, खेल, स्वास्थ्य जागरूकता और फिटनेस से जुड़े आयोजनों के माध्यम से युवाओं और नागरिकों को जोड़ने की प्रतिबद्धता दोहराई।













