दो बार की यूपी टी-20 लीग चैंपियन काशी रुद्रास 14 अगस्त को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मेरठ मावेरिक्स के खिलाफ मुकाबले से अपने खिताब बचाओ अभियान की शुरुआत करेगी। यह टूर्नामेंट के चौथे सत्र का पहला मुकाबला होगा।
सीजन का उद्घाटन मैच पिछले सत्र के फाइनल की यादें भी ताजा करेगा। पिछले साल खिताबी मुकाबले में काशी रुद्रास ने मेरठ मावेरिक्स को आठ विकेट से हराकर दूसरी बार यूपी टी-20 ट्रॉफी अपने नाम की थी।
दोनों टीमें अब तक लीग का खिताब जीतने वाली एकमात्र टीमें हैं। काशी रुद्रास ने 2023 में पहला खिताब जीता था, जबकि मेरठ मावेरिक्स 2024 में चैंपियन बनी थी।
काशी रुद्रास ने पिछले सत्र में लीग चरण के 10 में से सात मुकाबले जीते थे और शुरुआती छह मैचों में लगातार जीत दर्ज की थी। इसके बाद टीम ने क्वालीफायर-1 और फाइनल में मेरठ मावेरिक्स को हराकर खिताब जीता।
कप्तान करण शर्मा पिछले सत्र में 519 रन बनाकर लीग के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे और उन्होंने अपना दूसरा ऑरेंज कैप हासिल किया था। गेंदबाजी में अटल बिहारी राय 20 विकेट के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे थे, जबकि सुनील कुमार ने 15 और कार्तिक यादव ने 14 विकेट लिए थे।
नए सत्र से पहले काशी रुद्रास ने एक से 11 अगस्त तक कानपुर में 11 दिवसीय प्री-सीजन शिविर लगाया। इस दौरान खिलाड़ियों को एक-दूसरे को समझने, अपनी भूमिकाएं तय करने और टीम संयोजन पर काम करने का मौका मिला।
कप्तान करण शर्मा ने कहा कि हमारे लिए यह शिविर बहुत अच्छा रहा। हमें साथ समय बिताने, एक-दूसरे को समझने और पहले मैच के बारे में सोचने से पहले एक टीम के रूप में सहज होने का मौका मिला।
उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छा अहसास है कि अभ्यास के मैदान पर उतरने से पहले ही हमारे बीच बातचीत शुरू हो गई थी। टीम अच्छी तरह एकजुट हुई है और हम जानते हैं कि अभी काफी मेहनत करनी है।
उन्होंने कहा, “हमारे साथ काशी के लोगों का समर्थन और आशीर्वाद है। अब हमें उसी ऊर्जा को पहले मैच में लेकर जाना है और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है।”
मुख्य कोच ध्रुव सिंह ने कहा, “हमारी तैयारी अच्छी रही है और शिविर उसका महत्वपूर्ण हिस्सा था। इससे हमें खिलाड़ियों को करीब से देखने, उनकी ताकत समझने और प्रतियोगिता शुरू होने से पहले जिन क्षेत्रों में सुधार करना था, उन पर काम करने का समय मिला। टीम में अच्छा संतुलन है और हर कोई समझता है कि हमें अच्छी शुरुआत करनी होगी।”
उन्होंने कहा, “पहला मुकाबला परिचित टीम के खिलाफ है, लेकिन हमारा ध्यान अपनी रणनीति को सही तरीके से लागू करने और पूरे सत्र की चुनौतियों के लिए तैयार रहने पर होगा।” काशी रुद्रास ने अपने मुख्य खिलाड़ियों को बरकरार रखने के साथ आगरा में हुई नीलामी में भी टीम में नए खिलाड़ियों को शामिल किया।
ये भी पढ़ें : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे यूपी टी-20 लीग का उद्घाटन
ये भी पढ़ें : यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का आगाज 14 अगस्त से, 150 देशों में होगा प्रसारण
ये भी पढ़े : यूपी टी-20 लीग के आगाज़ से पहले इकाना पहुंचे अवनीश अवस्थी, तैयारियों का लिया जायजा
ये भी पढ़े : यूपी टी-20 लीग का ‘स्पीड हंट’: बिना ट्रायल फीस तलाशे गए पेसर्स
ऑलराउंडर मोहम्मद शरीम 17.50 लाख रुपये की कीमत के साथ टीम के सबसे महंगे नए खिलाड़ी रहे। उनके अलावा वैभव चौधरी, विजय यादव, विराट जायसवाल, मानव सिंधु और साहब युवराज सिंह भी टीम से जुड़े हैं।
ये भी पढ़े : विधानसभा में दिखा यूपी टी-20 का रंग, महाना बोले- ‘यह प्रदेश का उत्सव है’
ये भी पढ़ें : प्रशांत वीर के किस्से में धोनी, माधव कौशिक की बांह पर छिपी टैटू की कहानी
ये भी पढ़ें : विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मिले डॉ. संजय कपूर
ये भी पढ़ें : लखनऊ में होने वाले यूपी टी-20 लीग के मैचों के टिकट 49 रुपये से शुरू
काशी रुद्रास के सामने इस सत्र में यूपीटी-20 इतिहास में पहली बार खिताब का सफल बचाव करने और तीसरी बार चैंपियन बनने की चुनौती होगी।
काशी रुद्रास
करण शर्मा (कप्तान), अभिषेक गोस्वामी, उपेंद्र यादव, अटल बिहारी राय, शुभम चौबे, कार्तिक यादव, सुनील कुमार, सक्षम राय, उवैस अहमद, ऋषभ राजपूत, दीपांशु यादव, अर्णव बालियान, मोहम्मद शरीम, वैभव चौधरी, विजय यादव, विराट जायसवाल, मानव सिंधु, साहब युवराज सिंह, दीपांशु सिंह, मोहम्मद उस्मान, सिद्धार्थ जैन, संगम सिंह, घनश्याम उपाध्याय और काव्या तेवतिया













