लखनऊ। उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के सबसे बड़े घरेलू आयोजनों में शामिल यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का मंच पूरी तरह तैयार है। छह फ्रेंचाइजी टीमों के बीच होने वाली इस लीग की शुरुआत 14 अगस्त को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में पिछली विजेता काशी रुद्रास और पिछली उपविजेता मेरठ मावेरिक्स के बीच मैच से होगी।
क्रिकेट के साथ कॉन्सर्ट, ड्रोन और लाइट शो का रोमांच
इस बार क्रिकेट के साथ संगीत, मनोरंजन और फूड कार्निवल का भी खास इंतजाम किया गया है। लीग के मुकाबलों का भारत में JioHotstar और Star Sports 2 पर सीधा प्रसारण होगा, जबकि इसे 150 देशों में प्रसारित किया जाएगा।

सीजन-4 की तैयारियों और योजनाओं को लेकर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कैप्टन्स मीट और प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से संवाद किया। इस दौरान छहों टीमों के कप्तान व प्रतिनिधि मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि लीग को इस बार चार ‘सी’—क्रिकेट, कान्सर्ट, सेलीब्रेशन और और खाने के अनुभव के रूप में पेश किया जा रहा है। मुकाबलों के दौरान ड्रोन शो, लाइट शो और फूड कार्निवल दर्शकों के आकर्षण का केंद्र होंगे।
दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में पानी की बोतल और खाद्य सामग्री एमआरपी पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। डॉ. कपूर ने कहा कि मीडिया लीग परिवार का हिस्सा है और सभी के सहयोग से आयोजन को सफल बनाया जाएगा।
उन्होंने राजीव शुक्ला के विजन का जिक्र करते हुए लीग में स्पीड हंट के जरिए उभरती प्रतिभाओं को मिले मंच का भी उल्लेख किया। बिना किसी ट्रायल फीस के आयोजित स्पीड हंट से सामने आए एक युवा तेज गेंदबाज ने 144-145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की और ₹2.50 लाख की बेस प्राइस से शुरू हुई नीलामी में ₹21.50 लाख में खरीदा गया। उन्होंने इसे लीग की बड़ी उपलब्धियों में बताया।
इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, काउंसिल सदस्य संजीव कुमार सिंह, यूपीसीए मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम और मीडिया मैनेजर अहमद अली खान तालिब भी मौजूद थे।
कप्तानों ने जताया खिताब का भरोसा
लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि पिछले दो सीजन में टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी, लेकिन इस बार ऑक्शन में कमियों को दूर कर संतुलित टीम तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि टी-20 11 खिलाड़ियों का खेल है और सकारात्मक माहौल के साथ टीम खिताब जीतने उतरेगी।
व्यक्तिगत प्रदर्शन पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि आईपीएल का अनुभव काम आएगा, लेकिन टी20 क्रिकेट 11 खिलाड़ियों का खेल है। हम एक सकारात्मक माहौल बनाकर इस बार खिताबी जीत हासिल करने उतरेंगे।
मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने कहा कि हमारी टीम का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है, हमारी टीम लगातार तीन सीजन से फाइनल खेली है और खिताब भी जीत चुकी है। उन्होंने कहा कि कप्तानी दबाव नहीं बल्कि चुनौती है और उनका प्रयास खिलाड़ियों को बिना दबाव अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित करना होगा।
गत विजेता काशी रुद्रास की ओर से मौजूद उपेन्द्र यादव ने बताया कि हमारे कप्तान करन शर्मा अस्वस्थ होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि टीम का प्रशिक्षण शिविर कई सप्ताह से चल रहा है और चैंपियन के रूप में मैदान पर सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने की कोशिश होगी।
कानपुर सुपरस्टार्स के समीर रिजवी, नोएडा किंग्स के माधव कौशिक और गोरखपुर लायंस के आर्यन जुयाल ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा मंच दिया है। इस बार टीमों में कई नए और ऊर्जावान खिलाड़ी शामिल हुए हैं, जिससे मुकाबले रोमांचक होने की उम्मीद है।
लखनऊ में शुरुआत, कानपुर में फाइनल
सीजन-4 में छह टीमों के बीच कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे। पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ में होगा, जबकि प्लेऑफ और फाइनल समेत दूसरे चरण के मुकाबले 28 अगस्त से 6 सितंबर तक कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे। लीग का फाइनल 6 सितंबर को होगा।
14 अगस्त को उद्घाटन मुकाबले से पहले इकाना स्टेडियम में बॉलीवुड और पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकार शंकर महादेवन और जैस्मीन सैंडलस लाइव परफॉर्मेंस देंगे। इसके साथ ड्रोन और लाइट शो से उद्घाटन समारोह को भव्य बनाया जाएगा।
ओपनिंग सेरेमनी के बाद गत चैंपियन काशी रुद्रास और मेरठ मावेरिक्स के बीच सीजन का पहला मुकाबला खेला जाएगा।
लीग के मैचों का भारत में सीधा प्रसारण JioHotstar और Star Sports 2 पर होगा, जबकि वैश्विक स्तर पर यह टूर्नामेंट 150 देशों में प्रसारित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) और यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल ने क्रिकेट प्रेमियों से स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों और अपनी पसंदीदा टीमों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।











