डीजी जेल ने केंद्रीय कारागार वाराणसी का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को सराहा

0
55

वाराणसी। महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश पीसी मीना ने गुरुवार को केंद्रीय कारागार, वाराणसी का निरीक्षण कर बंदियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और विभिन्न उद्योगों की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाए रखने के साथ ही बंदियों के स्वास्थ्य एवं आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

महानिदेशक के केंद्रीय कारागार पहुंचने पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, जेलर अखिलेश कुमार और डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र ने मुख्य द्वार पर उनका स्वागत किया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक की अगुवाई में महानिदेशक ने सबसे पहले कारागार में संचालित काष्ठ कला एवं लौह उद्योग का निरीक्षण किया।

यहां बंदियों ने काष्ठ कला और लौह उद्योग में तैयार किए जा रहे फर्नीचर व अन्य उत्पादों के बारे में महानिदेशक को जानकारी दी। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की। बंदियों के लिए मग तैयार करने वाली पुरानी हाइड्रोलिक मशीन के स्थान पर नई मशीन लगाए जाने के संबंध में उन्होंने मुख्यालय को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

इसके बाद महानिदेशक ने स्वतंत्रता सेनानी हुतात्मा चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कारागार में नवनिर्मित एमसीयू रूम का भी निरीक्षण किया।

इसके बाद चक्र-3 स्थित अस्पताल वार्ड और दिव्यांग बैरक का जायजा लिया तथा बंदियों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। बदलते मौसम को देखते हुए उन्होंने बंदियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रामलीला की तैयारियों का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने नियंत्रण कक्ष के पास स्थित राम मंदिर में रामलीला के पात्रों द्वारा किए जा रहे रिहर्सल को भी देखा। उन्होंने परशुराम और लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे बंदियों के संवाद और प्रस्तुति की सराहना की।

इसके बाद उन्होंने सर्किल-4 में बंदियों की परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों से उनके मुकदमों की स्थिति और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में बातचीत की तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।

बेकरी में तैयार उत्पादों की गुणवत्ता परखी

महानिदेशक ने कारागार में कोल इंडिया की ओर से स्थापित इलेक्ट्रिक बेकरी मशीन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बेकरी में तैयार किए जा रहे बिस्कुट, पावरोटी आदि उत्पादों की गुणवत्ता का जायजा लिया।

ये भी पढ़ें : जेलों में सुरक्षा के साथ बंदियों के स्वास्थ्य और मानवीय गरिमा पर जोर

निरीक्षण के अंत में उन्होंने कारागार की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद पाया और अधिकारियों की प्रशंसा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कारागार में वर्तमान व्यवस्थाओं को इसी तरह प्रभावी और व्यवस्थित बनाए रखा जाए तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए।

इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सीय परामर्शदाता लक्ष्मीकान्त त्रिपाठी, चिकित्साधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, डिप्टी जेलर अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, अयोध्या प्रसाद, भोजराज, अमिता श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here