लखनऊ। भारतीय सेना में अग्निवीर (क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल) बनने के इच्छुक युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण अक्टूबर में आयोजित किया जाएगा।
भर्ती कार्यालय (मुख्यालय), लखनऊ के अधिकार क्षेत्र में आने वाले जिलों के योग्य उम्मीदवारों का फिजिकल फिटनेस टेस्ट/दौड़ 10 और 11 अक्टूबर 2026 को बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर, रुड़की में आयोजित किया जाएगा। भर्ती रैली का आयोजन आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (एआरओ), लैंसडाउन द्वारा किया जा रहा है।
इस रैली में भर्ती कार्यालय (मुख्यालय), लखनऊ के अंतर्गत आने वाले सभी संबंधित जिलों के पात्र उम्मीदवार हिस्सा लेंगे। जिला स्तर पर फिजिकल फिटनेस टेस्ट का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
10 अक्टूबर को औरैया, बांदा, बाराबंकी, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, लखनऊ, महोबा और उन्नाव के उम्मीदवारों की दौड़ एवं फिजिकल फिटनेस टेस्ट होगा। वहीं 11 अक्टूबर को कानपुर नगर और गोंडा जिले के उम्मीदवार निर्धारित प्रक्रिया में शामिल होंगे।
ये भी पढ़ें : सरहद के गांवों से निकले बच्चे, राष्ट्रपति भवन से आईएमए तक देखा हिंदुस्तान
ये भी पढ़ें : यूएचक्यू कोटे के तहत जाट रेजिमेंटल सेंटर बरेली में होगी अग्निवीर भर्ती रैली
भर्ती कार्यालय के अनुसार अग्निवीर (क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल) के उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड 10 सितंबर 2026 तक जारी किए जाएंगे। उम्मीदवारों को अपना एडमिट कार्ड आधिकारिक भर्ती पोर्टल से डाउनलोड करने की सलाह दी गई है। एडमिट कार्ड में दर्ज रिपोर्टिंग की तारीख, समय, स्थान और अन्य निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ना जरूरी होगा।
उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड में दिए गए समय के अनुसार ही बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर, रुड़की में रिपोर्ट करना होगा। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले उम्मीदवारों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही भर्ती स्थल पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और आवश्यक दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य होगा।
भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों से भर्ती प्रक्रिया से संबंधित सभी निर्देशों का पालन करने और अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए निर्धारित तिथि से पहले एडमिट कार्ड डाउनलोड कर आवश्यक तैयारियां पूरी करने की अपील की है।












