आर्चरी प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन में लगेगा सितारों का जमावड़ा

0
30

आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) अपने दूसरे सीजन के साथ वापसी करने जा रही है। हैदराबाद में 8 से 18 अक्टूबर तक होने वाली इस लीग में भारत के 36 शीर्ष तीरंदाज 10 देशों के 12 अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे।

दीपिका, अतानु, धीरज और ज्योति की अगुवाई में 36 भारतीय तीरंदाज; 10 देशों के 12 अंतरराष्ट्रीय सितारे भी होंगे शामिल

चार बार की ओलंपियन दीपिका कुमारी और विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता अतानु दास भारतीय रिकर्व टीम की अगुवाई करेंगे। उनके साथ मौजूदा एशियाई चैंपियन धीरज बोम्मादेवरा भी चुनौती पेश करेंगे। भारतीय कंपाउंड वर्ग भी मजबूत नजर आ रहा है। कई बार की विश्व कप और एशियाई खेलों की चैंपियन ज्योति सुरेखा वेन्नम और अभिषेक वर्मा के अलावा पूर्व विश्व चैंपियन ओजस प्रवीण देवतले भी टीम का हिस्सा हैं।

भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के दिग्गजों से सीधी टक्कर मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में टोक्यो 2020 ओलंपिक चैंपियन मेटे गाजोज (तुर्किये), पेरिस 2024 की कांस्य पदक विजेता केसी कॉफहोल्ड (अमेरिका), विश्व नंबर एक मार्कस डी’अल्मेडा (ब्राजील), विश्व नंबर दो एला गिब्सन (ग्रेट ब्रिटेन) और डच कंपाउंड स्टार माइक श्लोएसर शामिल हैं। श्लोएसर पूर्व विश्व चैंपियन और चार बार विश्व कप फाइनल विजेता हैं।

भारतीय टीम को एशियाई खेलों की तैयारी का भी सीधा फायदा मिलेगा। आइची-नागोया में इस महीने के तीसरे सप्ताह में शुरू होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में शामिल सभी 12 तीरंदाज एपीएल के इकोसिस्टम का हिस्सा हैं। इससे लीग का देश के तत्काल अंतरराष्ट्रीय अभियान से सीधा जुड़ाव भी बनता है।

आर्चरी प्रीमियर लीग के निदेशक अनिल कामिनेनी ने आगामी सत्र को लेकर कहा , “पहले सीजन को मिली शानदार रिस्पांस के बाद हम दूसरे सीजन को और बड़ा तथा बेहतर बनाने के लिए तैयार हैं। दुनिया के शीर्ष अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजों का हमारी लीग से जुड़ना एपीएल को वास्तव में वैश्विक मंच बना रहा है। साथ ही यह हमारे भारतीय तीरंदाजों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ सीधे प्रतिस्पर्धा करने का अनमोल अवसर देता है।”

विश्व तीरंदाजी और राष्ट्रीय रैंकिंग के आधार पर चुने गए 36 सदस्यीय भारतीय दल में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ उभरती प्रतिभाओं को भी जगह दी गई है। पहले सीजन में हिस्सा लेने वाले 21 तीरंदाज इस बार भी खेलेंगे, जबकि 15 खिलाड़ी पहली बार एपीएल में उतरेंगे।

डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों में विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता रजत चौहान, विश्व कप चरण के स्वर्ण पदक विजेता रिधि, विश्व यूनिवर्सिटी गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता कुशल दलाल और जूनियर राष्ट्रीय चैंपियन कीर्ति शर्मा शामिल हैं। भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) ने तेलंगाना सरकार के सहयोग से इस छह-फ्रेंचाइजी वाली लीग की शुरुआत की है। इसमें मिश्रित जेंडर वाली टीमें रिकर्व और कंपाउंड दोनों वर्गों में मुकाबला करेंगी।

लीग की सबसे खास विशेषताओं में से एक 15 सेकंड का शॉट क्लॉक है, जो ओलंपिक में निर्धारित सामान्य समय से पांच सेकंड कम है। यह प्रारूप खिलाड़ियों की निर्णय लेने की क्षमता, गति और दबाव में संयम की परीक्षा लेगा और टीम मुकाबलों में रोमांच की एक अतिरिक्त परत जोड़ेगा।

एपीएल का दूसरा सीजन 11 दिनों तक चलेगा। हर दिन शाम 7:30 बजे से रात 9:30 बजे तक मुकाबले होंगे। आयोजन हैदराबाद के नेकलेस रोड स्थित पीपुल्स प्लाजा में किया जाएगा।

आयोजकों को उम्मीद है कि दूसरा सीजन पहले संस्करण से मिली दर्शकों की प्रतिक्रिया को और आगे बढ़ाएगा। पहले सत्र में डिजिटल दर्शकों में युवा वर्ग की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली थी। उद्घाटन सत्र का ऐतिहासिक खिताब राजपूताना रॉयल्स ने जीता था।

भारतीय दिग्गजों, उभरती प्रतिभाओं और दुनिया के शीर्ष तीरंदाजों के एक साथ आने से एपीएल का दूसरा सत्र देश में प्रतिस्पर्धी तीरंदाजी के स्तर को और मजबूत करने के साथ इस खेल को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

एपीएल सीजन-2 का पूरा रोस्टर

कंपाउंड पुरुष (भारत): ऋषभ यादव, कुशल दलाल, साहिल राजेश जाधव, अभिषेक वर्मा, थिरुमुरु गणेश मणि रत्नम, ओजस प्रवीण देवतले, शिवशंकर सखाराम लांडकर, अमन सैनी, रजत चौहान।

कंपाउंड पुरुष (विदेश): माइक श्लोएसर (नीदरलैंड्स), मैथियास फुलर्टन (डेनमार्क), निको वीनर (ऑस्ट्रिया)।

कंपाउंड महिला (भारत): ज्योति सुरेखा वेन्नम, परनीत कौर, मधुरा धामणगांवकर, तनीपर्थी चिकिथा, पृथिका प्रदीप, जसवीर कौर, स्वाति दुधवाल, राज कौर, अवनीत कौर।

कंपाउंड महिला (विदेश): आंद्रेया माया बेसेरा अरिजागा (मेक्सिको), एला गिब्सन (ग्रेट ब्रिटेन), आलेहांद्रा उस्कियानो (कोलंबिया)।

रिकर्व पुरुष (भारत): बोम्मादेवरा धीरज, नीरज चौहान, यशदीप भोगे, अतनु दास, मृणाल चौहान, रोहित कुमार, पवन, अभ्युदय अमोल पखाले, जुएल सरकार।

रिकर्व पुरुष (विदेश): मार्कस डी’अल्मेडा (ब्राजील), मातियास ग्रांडे (मेक्सिको), मेटे गाजोज (तुर्किये)।

रिकर्व महिला (भारत): दीपिका कुमारी, कीर्ति शर्मा, कुमकुम अनिल मोहोड, अंकिता भकत, संगीता, सिमरनजीत कौर, रिधि, कोंडापावुलुरी युक्ता श्री, गाथा आनंदाराव खडके।

रिकर्व महिला (विदेश): केसी कॉफहोल्ड (अमेरिका), आलेहांद्रा वालेंसिया त्रुजिलो (मेक्सिको), एलिया कैनालेस (स्पेन)।

एपीएल के बारे में

आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) भारत और विश्व की प्रमुख फ्रेंचाइजी आधारित तीरंदाजी लीग है, जिसकी शुरुआत भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) ने की है। 2025 में शुरू हुई इस लीग में भारतीय और विदेशी तीरंदाज टीम आधारित प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हैं। इसका उद्देश्य तीरंदाजी को अधिक रोमांचक और दर्शक-अनुकूल प्रारूप में पेश करना है।

छह फ्रेंचाइजी वाली इस लीग में रिकर्व और कंपाउंड दोनों वर्गों के पुरुष और महिला तीरंदाज एक साथ प्रतिस्पर्धा करते हैं। लीग का 15 सेकंड का अभिनव शॉट क्लॉक मुकाबलों में गति, रणनीति और रोमांच बढ़ाता है। एपीएल का लक्ष्य विश्वस्तरीय प्रतियोगिता और नए प्रारूप के जरिए तीरंदाजी की लोकप्रियता बढ़ाना, भारत के तीरंदाजी इकोसिस्टम को मजबूत करना और खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों के लिए नए अवसर पैदा करना है।

छह टीमें:

  1. चेरो आर्चर्स ऑफ झारखंड
  2. चोला चीफ्स ऑफ तमिलनाडु
  3. काकातिया नाइट्स ऑफ तेलंगाना
  4. माइटी मराठाज ऑफ महाराष्ट्र
  5. पृथ्वीराज योद्धाज ऑफ दिल्ली
  6. राजपूताना रॉयल्स ऑफ राजस्थान

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here