तीन शॉट पीछे से खिताब तक पहुंचे विराज मदप्पा, चेन्नई ओपन में रचा कमाल

0
48

चेन्नई : कोलकाता के विराज मदप्पा ने अंतिम दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई ओपन 2026 पावर्ड बाय चेन्नई पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (सीपीसीएल) का खिताब जीत लिया।

टीएनजीएफ कॉस्मो गोल्फ कोर्स में मदप्पा ने अंतिम दौर में बोगी-मुक्त आठ-अंडर 64 का स्कोर बनाया और 22-अंडर 266 के कुल स्कोर के साथ एक शॉट के अंतर से खिताब अपने नाम किया।

28 वर्षीय मदप्पा ने अंतिम दौर की शुरुआत अजीतेश संधू से तीन शॉट पीछे रहते हुए की थी, लेकिन आठ बर्डी के दम पर उन्होंने बढ़त हासिल कर ली। संधू को 21-अंडर 267 के स्कोर के साथ उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा, जबकि नोएडा के अमरदीप मलिक 17-अंडर 271 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

मदप्पा का यह चौथा पेशेवर खिताब है और अप्रैल 2025 में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई प्लेयर्स चैंपियनशिप जीतने के बाद उनका पहला खिताब है। उन्होंने पहले दौर में 72 का स्कोर बनाया था, लेकिन इसके बाद लगातार तीन राउंड में 22-अंडर का स्कोर बनाकर शानदार वापसी की।

मदप्पा ने अपनी जीत का श्रेय मानसिक अनुशासन को दिया। उनका कहना था कि पिछले कुछ समय से उनका खेल अच्छा था, लेकिन स्कोर उम्मीद के मुताबिक नहीं आ रहे थे। इस सप्ताह उन्होंने आसान होल पर शॉट गंवाने की गलती से बचते हुए स्कोरिंग अवसरों का बेहतर इस्तेमाल किया।

इस जीत से मदप्पा की 2026 डीपीवर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट रैंकिंग 44वें से 22वें स्थान पर पहुंच गई। उनकी सत्र की कमाई 23,90,042 रुपये हो गई और उन्होंने डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में भी जगह पक्की कर ली।

चंडीगढ़ के अजीतेश संधू ने अंतिम दौर में चार-अंडर 68 का स्कोर बनाया। पांच बार के डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई विजेता संधू 21-अंडर 267 के साथ दूसरे स्थान पर रहे। दिल्ली के राशिद खान 16-अंडर 272 के साथ चौथे और गुरुग्राम के वीर अहलावत 15-अंडर 273 के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में सप्तक तलवार 12-अंडर 276 के साथ संयुक्त आठवें स्थान पर रहे और अपनी शीर्ष रैंकिंग मजबूत की। सत्र के अंत में होने वाली डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के लिए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट के शीर्ष 24 खिलाड़ियों का चयन इसी रैंकिंग के आधार पर होगा।

ये भी पढ़ें : चेन्नई ओपन : तीसरे राउंड के बाद अजीतेश संधू तीन शॉट से आगे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here