लखनऊ: अमरावती स्पोर्ट्स सिटी में मेदांता हॉस्पिटल के सहयोग से हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में 60 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया और विशेषज्ञ डॉक्टरों से मुफ्त परामर्श के साथ विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का लाभ उठाया।
60. से अधिक लोगों ने लिया विशेषज्ञ डॉक्टरों से मुफ्त परामर्श
कैंप का उद्देश्य लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान के लिए नियमित जांच के प्रति प्रोत्साहित करना था।
कैंप के दौरान ब्लड प्रेशर, रैंडम ब्लड शुगर, फेफड़ों की जांच (PFT), हड्डियों की मजबूती की जांच (BMD) और दिल की जांच (ECG) जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांच की गईं। जांच के बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लोगों की रिपोर्ट का मूल्यांकन कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक सुझाव और परामर्श भी दिया।
इस अवसर पर अमरावती ग्रुप के फाउंडर एवं चेयरमैन रवि प्रकाश पाण्डेय ने कहा, “अमरावती में हमारा प्रयास सिर्फ एक मॉडर्न स्पोर्ट्स सिटी तैयार करना नहीं है, बल्कि यहां आने वाले लोगों के लिए खेल, फिटनेस और बेहतर स्वास्थ्य से जुड़ा सकारात्मक माहौल तैयार करना भी है।
खेल और स्वास्थ्य एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। ऐसे हेल्थ कैंप लोगों को अपनी सेहत के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए भी प्रेरित करते हैं। हमें खुशी है कि मेदांता हॉस्पिटल के सहयोग से अमरावती स्पोर्ट्स सिटी में लोगों को जरूरी स्वास्थ्य जांच के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह भी उपलब्ध कराई जा रही है।”
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच से कई बीमारियों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का शुरुआती स्तर पर ही पता लगाया जा सकता है।
ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर जैसी समस्याओं में कई बार शुरुआती दौर में स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। ऐसे में समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच कराना और किसी भी असामान्य रिपोर्ट या लक्षण की स्थिति में डॉक्टर की सलाह लेना बेहद जरूरी है।
हेल्थ चेकअप कैंप के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और अपने स्वास्थ्य की नियमित निगरानी रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
ये भी पढ़ें : खेलों से सर्वांगीण विकास का संदेश, अमरावती स्पोर्ट्स सिटी में मना स्पोर्ट्स डे












