लखनऊ। लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
जुगौली और महानगर क्रॉसिंग पर दो-लेन रेलवे उपरिगामी सेतु (ROB) के निर्माण को राज्य सरकार और पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से सैद्धांतिक सहमति मिल गई है। दोनों परियोजनाओं की अनुमानित लागत करीब 333 करोड़ रुपये है।
जुगौली क्रॉसिंग पर प्रस्तावित ROB की लागत 168 करोड़ रुपये और महानगर क्रॉसिंग पर बनने वाले ROB की लागत 165 करोड़ रुपये है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में वित्तीय स्वीकृति जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
जुगौली और महानगर क्रॉसिंग पर बनेंगे ROB, 333 करोड़ की परियोजनाओं पर सैद्धांतिक सहमति
इन दोनों परियोजनाओं के लिए लखनऊ पूर्वी के विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव की ओर से शासन और रेलवे के समक्ष लगातार प्रस्ताव रखा जा रहा था। क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के कारण लगने वाले जाम और यातायात की समस्या के स्थायी समाधान के लिए किए गए प्रयासों के बाद दोनों ROB को सैद्धांतिक सहमति मिली है।
जुगौली क्रॉसिंग पर 763 मीटर लंबा ROB
जुगौली रेलवे क्रॉसिंग के सम्पार संख्या 3 एएमएल पर प्रस्तावित दो-लेन ROB की लंबाई 763.40 मीटर होगी। करीब 168 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से विश्वास खंड, गोमती नगर, लोहिया चौराहा, रविंद्रपल्ली, ब्रह्मपुरी और इंदिरा नगर समेत आसपास के इलाकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
महानगर क्रॉसिंग के सम्पार संख्या 6 एमएल/स्पेशल पर प्रस्तावित ROB की लंबाई 813.40 मीटर होगी। इस परियोजना पर करीब 165 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
ROB बनने के बाद महानगर, छन्नी लाल चौराहा, विवेकानंद अस्पताल, अयोध्या रोड, आईटी चौराहा, गोल मार्केट, कपूरथला, अलीगंज, निशातगंज और डालीगंज की ओर आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
महानगर क्रॉसिंग पर 813 मीटर लंबा ROB
दोनों ROB के निर्माण से रेलवे क्रॉसिंग पर जाम कम होने के साथ ही इन क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होगा। इससे लोगों का समय बचने और प्रमुख आवासीय, व्यावसायिक तथा संस्थागत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव ने कहा कि जुगौली और महानगर क्रॉसिंग पर ROB को मिली सैद्धांतिक सहमति क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लखनऊ पूर्वी में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है और दोनों परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
ये भी पढ़ें : विकास अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : ओपी श्रीवास्तव












[…] […]