अर्श मोहम्मद पुरुष युगल सेमीफाइनल में, कायम रखी यूपी की चुनौती

0
26

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अर्श मोहम्मद ने योनेक्स सनराइज डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 में पुरुष युगल क्वार्टर फाइनल मे जीत के साथ सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित करते हुए मेजबान की चुनौती कायम रखी।

डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट

अर्श ने क्वार्टर फाइनल में अपने जोड़ीदार छत्तीसगढ़ के सौरव साहू के साथ चौथी वरीय केरल के कमल कृष्णन व एस उदयकुमार को 15-11, 11-15, 15-10 से हराया। अर्श व सौरव ने पहला गेम कुछ संघर्ष के बाद जीता जबकि दूसरे गेम में प्रतिद्वंद्वी जोड़ी भारी पड़ी। निर्णायक गेम में अर्श व सौरव ने जीत दर्ज की।

अर्श ने क्वार्टर फाइनल में जोड़ीदार छत्तीसगढ़ के सौरव साहू के साथ दर्ज की रोमांचक जीत

महिला एकल में यूपी की अमोलिका सिंह, महिला युगल में यूपी की अमोलिका व केरल की रिजा जबकि पुरुष युगल में यूपी के दक्ष व दिल्ली के नितिन को हार का सामना करना पड़ा।

भारतीय बैडमिंटन एसोसिएशन (बीएआई) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित टूर्नामेंट बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी, गोमतीनगर में शनिवार को सुबह के सत्र में प्री क्वार्टर फाइनल और शाम के सत्र में क्वार्टर फाइनल खेले गए।

महिला एकल में चौथी वरीय छत्तीसगढ़ की रिजुल सैनी ने 13वीं वरीय यूपी की अमोलिका सिंह को 15-13, 15-9 से पराजित किया। इससे पूर्व सुबह के सत्र में अमोलिका सिंह ने छठीं वरीय दिल्ली की दीप शिखा सिंह को 10-15, 15-9, 15-13 से हराकर उलटफेर करते हुए अंतिम आठ में जगह बनाई थी। महिला युगल में दूसरी वरीय नयना एस.ओएसिस व वर्षिनी (केरल/तमिलनाडु) ने सातवीं वरीय यूपी की अमोलिका सिंह व केरल की मेहरान रिजा को 15-12, 15-9 से पराजित किया।

पुरुष युगल में पिछले संस्करण के विजेता महाराष्ट्र के विप्लव कुवले व विराज कुवले की शीर्ष वरीय जोड़ी ने उत्तर प्रदेश के दक्ष गौतम व दिल्ली के नितिन कुमार को 15-11, 15-11 से हराया।

शनिवार को मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में दिल्ली के वंश देव व मिजोरम की लालरेम पुली ने सातवीं वरीय हरियाणा के आर्यन सैपिया व प्रणवी नटराजन को 15-12, 15-13 से हराकर उलटफेर किया। छठी वरीय दिल्ली के नितिन कुमार व मणिपुर की प्रिया देवी, तमिलनाडु के संजय श्रीवास्तव डी व आद्या वरियानाथ और दिल्ली के भव्य छाबड़ा व अदिति भट्ट की जोड़ी ने भी अंतिम चार में स्थान सुरक्षित किया।

पुरुष एकल में हरियाणा के रवि, दिल्ली के गिनपॉल सोना, उत्तराखंड के अंश नेगी और कर्नाटक के रघु एम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। महिला एकल में हरियाणा की जिया रावत, गुजरात की श्रेया लेले, राजस्थान की स्नेहा लांबा और छत्तीसगढ़ की रिजुल सैनी ने अंतिम चार में स्थान सुरक्षित किया।

महिला युगल के क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक की नाइसा करियप्पा व तमिलनाडु की प्रवंदिका ने आठवीं वरीय तमिलनाडु की श्रेया बालाजी व प्रणवी नटराजन को हराकर उलटफेर किया। कर्नाटक की रश्मि गणेश व अमृता पी और उत्तराखंड की अदिति भट्ट व महाराष्ट्र की श्रवाणी वालेकर भी सेमीफाइनल में पहुंच गई।

वहीं सुबह के सत्र में प्री क्वार्टर फाइनल में पुरुष एकल में पिछले विजेता व शीर्ष वरीय हरियाणा के भारत राघव को आश्चर्यजनक हार का सामना करना पड़ा। उन्हें तमिलनाडु के सुगी साई बाला ने 15-6, 11-15, 15-11 से हराया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here