लखनऊ। लखनऊ की काव्या चित्रांश, देव मिश्रा, कुसुमलता राठौर, प्रसिद्ध राघव अवस्थी और प्रकृति राठौर ने हालिया आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य रोड साइक्लिंग ट्रायल 2026-27 में दमदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश टीम के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर दी।
उत्तर प्रदेश साइक्लिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में गत 18 अक्टूबर को उन्नाव स्थित ट्रांस गंगा सिटी के एंट्री गेट नंबर-दो पर आयोजित राज्यस्तरीय ट्रायल के दौरान लखनऊ की काव्या चित्रांश ने यूथ बालिका वर्ग में पहला स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसी वर्ग में प्रकृति राठौर तीसरे स्थान पर रही।
जूनियर बालक वर्ग में देव मिश्रा दूसरे स्थान पर रहे, जबकि महिला वर्ग में कुसुमलता राठौर ने दूसरा स्थान हासिल किया। सब जूनियर बालक वर्ग में लामार्टिनियर बॉयज़ कॉलेज के छात्र प्रसिद्ध राघव अवस्थी तीसरे स्थान पर रहे।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए यूपी टीम में होगा चयन
उत्तर प्रदेश साइक्लिंग एसोसिएशन के महासचिव आरके गुप्ता ने बताया कि साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की गाइडलाइंस प्राप्त होने के बाद राष्ट्रीय रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप के लिए चयनित खिलाड़ियों की सूची घोषित की जाएगी।
पेडलयात्री एसोसिएशन के महासचिव एवं स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया के निदेशक डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय ने भी लखनऊ के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि लखनऊ के पाँच खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में साइक्लिंग को लेकर उत्साह बढ़ा है। खिलाड़ियों से आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश साइक्लिंग एसोसिएशन के चेयरमैन धीरेन्द्र सिंह सचान और लखनऊ साइक्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष उत्कर्ष त्रिपाठी व सचिव अनुराग बाजपेयी ने भी ट्रायल में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले लखनऊ के खिलाड़ियों को बधाई दी।
ये भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश राज्य रोड साइक्लिंग ट्रायल में 80 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम













