लखनऊ। इंडसइंड इंटरनेशनल होल्डिंग्स लिमिटेड (आईआईएचएल) समूह की कंपनी इंडसइंड जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने शरद माथुर को अपना प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है।
कंपनी ने बुधवार को वैधानिक स्वीकृति मिलने के बाद उनकी नियुक्ति की घोषणा की। कंपनी पहले रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के नाम से जानी जाती थी। शरद माथुर को बीमा एवं वित्तीय सेवा क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव है।
उन्होंने संगठनात्मक बदलाव, वितरण नेटवर्क के विस्तार, तकनीक आधारित नवाचार, व्यावसायिक विकास और कॉरपोरेट गवर्नेंस के क्षेत्रों में काम किया है। इंडसइंड जनरल इंश्योरेंस से जुड़ने से पहले वह छह साल से अधिक समय तक यूनिवर्सल सोम्पो जनरल इंश्योरेंस के एमडी एवं सीईओ रहे।
इस दौरान उन्होंने कंपनी में बदलाव की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के साथ वितरण व्यवस्था, जोखिम प्रबंधन, अंडरराइटिंग अनुशासन और तकनीक आधारित ग्राहक सेवाओं को मजबूत करने पर काम किया।
इससे पहले माथुर एसबीआई जनरल इंश्योरेंस और आईसीआईसीआई लोम्बार्ड में भी नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभा चुके हैं। इन कंपनियों के शुरुआती विकास के दौर में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इंडसइंड जनरल इंश्योरेंस में नई जिम्मेदारी के तहत माथुर कंपनी के बदलाव और विकास के अगले चरण का नेतृत्व करेंगे। उनका जोर ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने, डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देने, बीमा सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, लाभदायक व्यावसायिक विकास और कॉरपोरेट गवर्नेंस को मजबूत करने पर रहेगा।
इसके साथ ही वह वितरण साझेदारियों को मजबूत करने और तकनीक आधारित, ग्राहक-केंद्रित एवं बदलती परिस्थितियों के अनुरूप काम करने में सक्षम संगठन विकसित करने पर ध्यान देंगे।
माथुर इंस्टीट्यूट ऑफ डायरेक्टर्स के फेलो सदस्य और इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनल ऑडिटर्स, इंडिया के सदस्य हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ पेन्सिल्वेनिया, इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस, हार्वर्ड बिजनेस स्कूल और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स से कार्यकारी नेतृत्व एवं अनुपालन से संबंधित अध्ययन किया है।
ये भी पढ़ें : बप्पा का आशीर्वाद और परिवार की सुरक्षा, गणेशोत्सव पर खास संदेश













