विशाल, रवींद्र और सूरज ने जीते स्वर्ण, पुलिस एथलेटिक्स में लखनऊ का दबदबा

0
36

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस की 74वीं वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता के पहले दिन लखनऊ जोन के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विशाल यादव ने 10,000 मीटर, रवींद्र पासवान ने 100 मीटर और सूरज यादव ने 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर लखनऊ का नाम रोशन किया।

74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता

प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने चार नए रिकॉर्ड भी बनाए, जिनमें विशाल यादव और सूरज यादव के प्रदर्शन शामिल रहे।

महानगर स्थित 35वीं वाहिनी पीएसी के शहीद चंद्रशेखर आजाद क्रीड़ा संकुल में मंगलवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक (पीएसी मध्य जोन) एवं उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के सचिव प्रीतिंदर सिंह ने उद्घाटन किया।

प्रतियोगिता में 13 जोन के 586 पुरुष और 222 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने बैंड की धुन पर मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। इस अवसर पर अर्जुन देशवाल, पारूल चौधरी, अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित राजकुमार पाल और अस्मिता डे भी मौजूद रहे।

विशाल और सूरज ने रिकॉर्ड के साथ जीते स्वर्ण

लखनऊ जोन के विशाल यादव ने 10,000 मीटर दौड़ में 28 मिनट 59.30 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता और नया रिकॉर्ड बनाया। इस स्पर्धा में वाराणसी जोन के शिवम यादव दूसरे और प्रयागराज जोन के श्याम तीसरे स्थान पर रहे।

वहीं, सूरज यादव ने 800 मीटर दौड़ में एक मिनट 49.50 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया और नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस स्पर्धा में जीआरपी जोन के नितेश राजौरा दूसरे और लखनऊ जोन के इरफान तीसरे स्थान पर रहे।

लखनऊ जोन के रवींद्र पासवान ने 100 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में लखनऊ के ही अमित तिवारी दूसरे और मेरठ जोन के मो. आसिफ तीसरे स्थान पर रहे।

महिला खिलाड़ियों ने भी बनाए रिकॉर्ड

महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में आगरा जोन की निधि ने 11.46 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता और नया रिकॉर्ड बनाया। मेरठ जोन की प्रियंका सिकरवार 11.52 सेकंड के साथ दूसरे और टीना 11.70 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

महिला 800 मीटर दौड़ में मेरठ जोन की शिवानी हुड्डा ने दो मिनट 10.94 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता और नया रिकॉर्ड कायम किया। मेरठ की ही दीपा चौहान दो मिनट 46.84 सेकंड के साथ दूसरे और कानपुर जोन की रूपल दो मिनट 53.28 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

साइकिलिंग में मेरठ और गोरखपुर के खिलाड़ी अव्वल

पुरुषों की 20 किलोमीटर साइकिलिंग स्पर्धा में मेरठ जोन के सैय्यद बुरहान अली ने 36 मिनट 55.79 सेकंड में दूरी पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। कानपुर जोन के संतोष सिंह दूसरे और पीएसी मध्य जोन के सुनील साहनी तीसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं की 15 किलोमीटर साइकिलिंग में गोरखपुर जोन की मायावती ने 26 मिनट 49.96 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। प्रयागराज जोन की अनीता मिश्रा दूसरे और बरेली जोन की विजय चौहान तीसरे स्थान पर रहीं।

महिला 10,000 मीटर दौड़ में प्रयागराज जोन की ममता पाल ने पहला स्थान हासिल किया। लखनऊ जोन की ममता राजभर दूसरे और नीतू कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।

ये भी पढ़े : आर्य सिंह का उलटफेर, आरव भास्कर व आरिज भी क्वार्टर फाइनल में

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here