पासी समाज की एकता और युवाओं की शिक्षा पर कमलेश पासवान ने दिया जोर

0
38

सतहरिया (जौनपुर) : केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने सतहरिया में अपने प्रथम आगमन पर आयोजित अभिनंदन समारोह में आयोजकों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे पासी समाज का सम्मान है।

 

पासवान ने कहा कि पासी समाज का इतिहास शौर्य, संघर्ष और स्वाभिमान की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा है। अपने पूज्य पिताजी के आदर्शों एवं प्रेरणा से वे समाज के सम्मान, उत्थान और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

उन्होंने जौनपुर सहित पूरे पूर्वांचल के सर्वांगीण विकास तथा पासी समाज के शैक्षिक, सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विकास एवं जनकल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

 

समाज की एकता पर जोर देते हुए पासवान ने कहा कि आपसी भाईचारा, विश्वास और संगठन ही समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने समाज को बांटने के प्रयासों तथा सोशल मीडिया पर समाज, पार्टी और सरकार के संबंध में प्रसारित भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने और उनकी सत्यता जांचने के बाद ही विश्वास करने की अपील की।

उन्होंने युवाओं से शिक्षा, रोजगार, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। अंत में पासवान ने कहा कि समाज द्वारा दिया गया स्नेह और विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे वे पूरी निष्ठा एवं समर्पण से निभाते रहेंगे।

 

इस अवसर पर पूर्व सांसद बी. पी. सरोज, कार्यक्रम के आयोजक अजय शंकर दूबे ‘अन्नू भइया’ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, समाज के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : बदलती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए 73 मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here