लखनऊ। ट्रैक पर रफ्तार का मुकाबला हो या साइक्लिंग में दमखम दिखाने की चुनौती, मेरठ जोन के खिलाड़ियों ने हर मोर्चे पर अपना दबदबा कायम रखा।
35वीं वाहिनी पीएसी महानगर स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद क्रीड़ा संकुल में आयोजित 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता में मेरठ ने एथलेटिक्स और साइक्लिंग के पुरुष व महिला, चारों वर्गों की चल वैजयंती जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नौ नये कीर्तिमान भी स्थापित किए। शनिवार को 35वीं वाहिनी पीएसी स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद क्रीड़ा संकुल में प्रतियोगिता का समापन हुआ।
प्रतियोगिता में महिला खिलाड़ियों ने पांच और पुरुष खिलाड़ियों ने चार नये रिकॉर्ड बनाए। प्रयागराज जोन के आशीष पाल 1079 अंकों के साथ पुरुष वर्ग के सर्वश्रेष्ठ एथलीट बने, जबकि आगरा जोन की निधि ने 1117 अंक अर्जित कर महिला वर्ग का खिताब अपने नाम किया।
साइक्लिंग के पुरुष वर्ग में मेरठ के केशव शर्मा 18 अंकों के साथ सर्वश्रेष्ठ साइक्लिस्ट चुने गए। महिला वर्ग में मेरठ की ही आरती ने 19 अंकों के साथ यह उपलब्धि हासिल की। अंतिम दिन पुरुष मैराथन में पीएसी पश्चिमी जोन के रवि राघव ने दो घंटे 38 मिनट 12.60 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया।
मेरठ के सौरभ 2:47:36.01 घंटे के समय के साथ दूसरे और गोरखपुर के नवीन सिंह 2:51:40.80 घंटे के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
पुरुषों की 4 गुणे 400 मीटर रिले में मेरठ की टीम ने 3 मिनट 23.75 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। टीम में मोहित कुमार, लविश कुमार, नदीम और वासुदेव शामिल रहे। लखनऊ 3:30.81 मिनट के साथ दूसरे और वाराणसी 3:32.56 मिनट के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
महिलाओं की 4 गुणे 400 मीटर रिले में मेरठ की योगेश कुमारी, टीना पाल, काजल शर्मा और प्रियंका सिकरवार की टीम ने 3 मिनट 58.53 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया।
प्रयागराज और वाराणसी की टीमें क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। ऊंची कूद में कानपुर जोन की तनु शर्मा ने 1.38 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता।
आगरा की सृष्टि 1.35 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि मेरठ की बेबी और ज्योति तथा प्रयागराज की कुसुम ने 1.23 मीटर की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। गोला फेंक में मेरठ की शिखा पवार ने 13.30 मीटर का प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
महिलाओं की 4 गुणे100 मीटर रिले में भी मेरठ की टीम ने 49.03 सेकंड का समय निकालकर बाजी मारी। टीम में प्रियंका सिकरवार, टीना, योगेश कुमार और खुशबू वर्मा शामिल रहीं। वाराणसी दूसरे और आगरा तीसरे स्थान पर रहा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक, पीएसी लखनऊ आलोक सिंह ने विजेता टीमों को चल वैजयंती प्रदान की। इस अवसर पर रंगारंग मार्च पास्ट का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि ने मार्च पास्ट की सलामी स्वीकार की।
पुलिस महानिरीक्षक, पीएसी मध्य जोन एवं उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के सचिव प्रीतिंदर सिंह, आयोजन सचिव एवं डीआईजी पीएसी मनोज कुमार सोनकर तथा सह आयोजन सचिव एवं सेनानायक 35वीं वाहिनी पीएसी अमित कुमार ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
समारोह में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में सेनानायक अमित कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
ये भी पढ़ें : पुलिस एथलेटिक्स में मेरठ जोन का दबदबा, लखनऊ के शाहरुख और सूरज चमके













