लखनऊ। यूनिटी कॉलेज के तत्वावधान में आयोजित सीआईएससीई जोनल अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। 21 से 23 जुलाई तक ला-मार्टिनियर ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न प्रतिष्ठित स्कूलों की टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
अंडर-14 में स्टेला मैरिस, अंडर-17 व 19 में ला-मार्टिनियर कॉलेज बना चैंपियन
प्रतियोगिता में ला-मार्टिनियर कॉलेज, सेंट फ्रांंसिस कॉलेज, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल की विभिन्न शाखाएं, स्टेला मैरिस इंटर कॉलेज, यूनिटी कॉलेज, लखनऊ पब्लिक कॉलेज, एमजी कॉन्वेंट स्कूल, सेंट मैरी कॉन्वेंट कॉलेज, ग्रीन फील्ड स्कूल और स्प्रिंग डेल कॉलेज सहित कई शिक्षण संस्थानों की टीमों ने हिस्सा लिया।
नॉकआउट आधार पर खेले गए मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग का फाइनल स्टेला मैरिस और ला-मार्टिनियर कॉलेज के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक मुकाबला गोलरहित रहने के बाद पेनाल्टी शूटआउट में स्टेला मैरिस ने 5-4 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
अंडर-17 वर्ग के फाइनल में ला मार्टिनियर कॉलेज ने सिटी मॉन्टेसरी स्कूल एलडीए शाखा को 2-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं अंडर-19 वर्ग के फाइनल में भी ला-मार्टिनियर कॉलेज ने सीएमएस एलडीए को 1-0 से शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन यूनिटी कॉलेज के सचिव नजमुल हसन रिज़वी ने किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि ला मार्टिनियर कॉलेज के प्रधानाचार्य गैरी एवरेट ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल प्रदान किए। इस मौके पर यूनिटी कालेज के कार्यालय अधीक्षक शाहीद हुसैन सहित तमाम शिक्षिक मौजूद रहे।
यूनिटी कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपक मैथ्यूज ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा पीटीआई आमिर अली और उनकी टीम के योगदान की सराहना की। उप-प्रधानाचार्य सचिन भारती ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ उनकी प्रतिभा निखारने का प्रभावी मंच प्रदान करती हैं।













