हाईलाइट्स
- लखनऊ में 31 अक्टूबर तक चलेगा शिविर, मिलेगा सैन्य प्रशिक्षण
- नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के विकास पर रहेगा जोर
लखनऊ। 19 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-222 का शुभारंभ 2 मिलिट्री ट्रेनिंग बटालियन, एएमसी सेंटर एवं कॉलेज, लखनऊ में हुआ।
31 अक्टूबर तक चलने वाले इस शिविर में लखीमपुर से लखनऊ तक की विभिन्न एनसीसी यूनिटों के लगभग 500 कैडेट भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्घाटन कमांडेंट कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक के संबोधन के साथ हुआ।
उद्घाटन अवसर पर कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक ने कैडेटों को संबोधित करते हुए अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और राष्ट्रभक्ति के विकास में एनसीसी की भूमिका पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कैडेटों से प्रशिक्षण की सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही, राष्ट्र के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी और सेवा भाव को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण के अंतर्गत शस्त्र संचालन, फायरिंग, फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट, मानचित्र अध्ययन, रेडियो टेलीफोनी और ड्रिल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अलावा व्यक्तित्व विकास, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसे विषयों पर भी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेटों के व्यावहारिक ज्ञान, कौशल और सामान्य जागरूकता को बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
शिविर का उद्देश्य कैडेटों की शारीरिक और मानसिक क्षमता को मजबूत करने के साथ उनमें नेतृत्व, आपसी सहयोग और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
प्रशिक्षण के जरिए उन्हें चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास, दक्षता और अनुशासन के साथ करने के लिए तैयार किया जाएगा, ताकि वे भविष्य में समाज और राष्ट्र के विकास में प्रभावी योगदान दे सकें।
संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-222 19 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी की युवा कैडेटों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से कैडेटों को जिम्मेदार, अनुशासित और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें : रुड़की में अग्निवीर भर्ती रैली का ADG ने किया निरीक्षण, पारदर्शी चयन पर जोर
ये भी पढ़ें : एनसीसी कैडेट्स को दी मासिक धर्म स्वच्छता और स्वास्थ्य की जानकारी













[…] […]