आज दिनांक 25.09.2026 को पी०सी० मीना, महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उ०प्र०, लखनऊ द्वारा जिला कारागार जौनपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने कारागार परिसर, बैरकों एवं पाकशाला का निरीक्षण कर बंदियों से उनकी समस्याओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

पाकशाला में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया गया तथा बंदियों को श्रम के एवज में दिए जा रहे पारिश्रमिक के समयबद्ध भुगतान की जानकारी प्राप्त की गई। महानिदेशक महोदय ने कारागार में स्थापित सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कारागार की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए जेल की भूमि तथा नवीन जिला कारागार के निर्माण कार्य की प्रगति की भी जानकारी ली।

निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों के साथ समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी, प्रभारी जेलर सुभाष चन्द्र पाण्डेय, डिप्टी जेलर नन्द किशोर गौतम सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।












