बारिश के बीच लखनऊ चैलेंजर्स की जीत, रहीमाबाद रॉयल्स-नवाबी क्वीन मैच रद्द

0
48

लखनऊ। लखनऊ विमेंस प्रीमियर लीग के दूसरे दिन बारिश का असर मैचों पर पड़ा। सेज ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में आरईपीएल लखनऊ चैलेंजर्स ने फोर स्क्वायर वारियर्स को डकवर्थ लुईस पद्धति से छह रन से हराया।

वहीं, बारिश के कारण रहीमाबाद रॉयल्स और लखनऊ नवाबी क्वीन के बीच मुकाबला नहीं हो सका और दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया गया।

लखनऊ विमेंस प्रीमियर लीग : चैलेंजर्स की सधी गेंदबाजी, वारियर्स 91 रन पर रुकी

लखनऊ चैलेंजर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। चैलेंजर्स की गेंदबाजों ने फोर स्क्वायर वारियर्स के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। वारियर्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 91 रन ही बना सकी।

सलामी बल्लेबाज वर्णिका चौधरी ने 39 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 29 रन बनाए, जबकि संध्या यादव ने 11 रन का योगदान दिया। गजाला परवीन आठ, तान्या सिंह पांच और शिल्पी यादव छह रन बनाकर आउट हुईं। टीम के खाते में अतिरिक्त के 22 रन जुड़े।

लखनऊ चैलेंजर्स की ओर से प्रियांशी यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच रन देकर तीन विकेट लिए। शुभि, भारती सिंह, चांदनी और भूमिका को एक-एक विकेट मिला।

डकवर्थ लुईस से चैलेंजर्स की जीत

91 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ चैलेंजर्स ने 11 ओवर में तीन विकेट पर 52 रन बना लिए थे। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई और आगे का खेल संभव नहीं हो सका। अंपायरों ने डकवर्थ लुईस पद्धति के आधार पर परिणाम घोषित किया, जिसमें लखनऊ चैलेंजर्स को छह रन से विजेता घोषित किया गया।

चैलेंजर्स की ओर से विदुषी श्रीवास्तव ने 22 रन बनाए, जबकि सम्पदा दीक्षित 23 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाकर लौटीं। शानदार बल्लेबाजी के लिए सम्पदा दीक्षित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। फोर स्क्वायर की ओर से वर्णिका चौधरी को श्रेष्ठ बल्लेबाज और लखनऊ चैलेंजर्स की प्रियांशी यादव को श्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया।

रहीमाबाद रॉयल्स और नवाबी क्वीन को एक-एक अंक

दूसरे मुकाबले में रहीमाबाद रॉयल्स और लखनऊ नवाबी क्वीन के बीच मैच बारिश के कारण नहीं हो सका। पहले मुकाबले के बाद शुरू हुई बारिश लगातार जारी रही। मैदान की स्थिति खेलने लायक नहीं होने पर अंपायरों ने मुकाबला रद्द करने का फैसला किया। मैच नहीं हो पाने के कारण दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया गया।

ये भी पढ़ें : धमाकेदार आगाज़, शेरनीज और फाल्कन की 10 विकेट से जीत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here