महानिदेशक कारागार पीसी मीना ने किया वाराणसी सेंट्रल जेल का निरीक्षण, व्यवस्थाओं की सराहना

0
24

वाराणसी। आज दिनांक 03.09.2026 को महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश, लखनऊ पी०सी० मीना द्वारा केन्द्रीय कारागार, वाराणसी का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के अवसर पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, जेलर अखिलेश कुमार एवं डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र द्वारा कारागार के मुख्य द्वार पर महानिदेशक कारागार का स्वागत किया गया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक द्वारा अगवानी करते हुए सर्वप्रथम काष्ठ कला एवं लौह उद्योग का निरीक्षण कराया गया।

इस दौरान बंदियों द्वारा काष्ठ कला एवं लौह उद्योग में निर्मित वस्तुओं के संबंध में महानिदेशक कारागार को विस्तृत जानकारी दी गई। महानिदेशक द्वारा कारागार में स्थापित काष्ठ कला एवं लौह उद्योग में निर्मित फर्नीचर एवं अन्य सामान की गुणवत्ता की प्रशंसा की गई। साथ ही, बंदियों हेतु मग बनाने वाली पुरानी हाइड्रोलिक मशीन के स्थान पर नई मशीन स्थापित कराए जाने के संबंध में मुख्यालय को प्रस्ताव भेजने हेतु निर्देशित किया गया।

महानिदेशक द्वारा स्वतंत्रता सेनानी हुतात्मा चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया तथा कारागार में नवनिर्मित एम०सी०यू० रूम का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात चक्र-3 स्थित अस्पताल वार्ड एवं दिव्यांग बैरक का निरीक्षण कर बंदियों से संवाद किया गया। बदलते मौसम के दृष्टिगत बंदियों के स्वास्थ्य एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

महानिदेशक कारागार द्वारा नियंत्रण कक्ष के पास स्थित राम मंदिर में रामलीला के पात्रों द्वारा किए जा रहे रिहर्सल का अवलोकन किया गया तथा रिहर्सल कर रहे परशुराम एवं लक्ष्मण के पात्रों के संवाद एवं प्रस्तुति की सराहना की गई।

इसके पश्चात सर्किल-4 में बंदियों की परेड का निरीक्षण किया गया तथा बंदियों से उनके मुकदमों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में संवाद किया गया। तत्पश्चात कारागार में कोल इंडिया द्वारा स्थापित इलेक्ट्रिक बेकरी मशीन का निरीक्षण किया गया तथा बेकरी में तैयार किए जा रहे बिस्कुट, पावरोटी आदि की गुणवत्ता को परखा गया।

निरीक्षण के दौरान कारागार की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता एवं सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद पाए जाने पर महानिदेशक कारागार द्वारा इसकी प्रशंसा की गई तथा अधिकारियों को व्यवस्थाओं को इसी प्रकार प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सीय परामर्शदाता लक्ष्मीकान्त त्रिपाठी, चिकित्साधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, डिप्टी जेलर अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, अयोध्या प्रसाद, भोजराज, अमिता श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here