लखनऊ। एक्सीलिया स्कूल में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कई दिनों से चल रही इंटर हाउस प्रतियोगिता का आज समापन हो गया। जिसमें टैगोर हाऊस ने प्रथम, रमन हाऊस ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं अशोक हाऊस तृतीय स्थान पर रहा। भारतीय खेल प्राधिकरण के सेवानिवृत्त वरिष्ठ बैडमिंटन प्रशिक्षक देवेंद्र कौशल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और विजेताओं को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चार हाऊस —रमन, टैगोर, सुभाष एवं अशोक हाऊस के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, खो-खो, 100 मीटर दौड़, रस्साकशी एवं 100 मीटर रिले दौड़ जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। जिसमें विद्यार्थियों ने पूरे जोश, उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने हाऊस का प्रतिनिधित्व किया। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ अनुशासन, सहयोग और खेल भावना का परिचय दिया।
मुख्य अतिथि देवेंद्र कौशल ने विद्यार्थियों के उत्साह एवं प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें नियमित अभ्यास, अनुशासन, मेहनत एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्या रेखा वर्मा ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे ऐसी प्रतियोगिताओं के द्वारा अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का विकास करते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के मेंटर एस. के. मिश्रा, सलाहकार प्रवीण पांडे, हेड मिस्ट्रेस संगीता सिंह एवं प्रिया दीक्षित समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी सम्मिलित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया












