दिव्यांश जोशी का तूफानी शतक, मेरठ मावेरिक्स ने फाइनल में लखनऊ को दी 204 रन बनाने की चुनौती

0
18

लखनऊ। दिव्यांश जोशी (105) के तूफानी शतक की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के ग्रैंड फिनाले में लखनऊ फाल्कन्स के सामने 204 रन का लक्ष्य रखा।

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS

दिव्यांश ने 40 गेंदों पर 12 चौके व सात छक्के से 105 रन की पारी खेली। उन्होंने 37 गेंदों में शतक पूरा कर यूपी टी-20 लीग के इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ा। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को फाइनल मुकाबले की शुरुआत भी शानदार अंदाज में हुई। मेरठ मावेरिक्स और लखनऊ फाल्कन्स के कप्तानों और खिलाड़ियों ने म्यूजिक की धुन के बीच आतिशबाजी के बीच मैदान में एंट्री की।

मैच की औपचारिक शुरुआत बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने टॉस कराकर और पारंपरिक अंदाज में घंटा बजाकर की। इसके बाद मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। स्वास्तिक चिकारा और दिव्यांश जोशी ने पहले विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी कर टीम को तेज शुरुआत दी।

लखनऊ को पहली सफलता पांचवें ओवर में आईपीएल स्टार विप्रज निगम ने दिलाई। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर स्वास्तिक चिकारा को आउट करते हुए इस साझेदारी का अंत किया। स्वास्तिक ने 14 गेंदों पर तीन चौके की सहायता से 18 रन बनाए।

दूसरे छोर पर दिव्यांश जोशी का बल्ला लगातार गरजता रहा। उन्होंने छठें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर महज 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। इस दौरान दिव्यांश ने 6 चौके व चार छक्के लगाए। उनके इस अर्धशतक के साथ ही उन्होंने सीजन-4 का सबसे तेज अर्धशतक भी अपने नाम कर लिया। मेरठ ने पावरप्ले के छह ओवर में एक विकेट पर 53 रन बनाए।

इसके बाद रितुराज शर्मा ने दिव्यांश का साथ दिया और दोनों ने स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। मेरठ का दूसरा विकेट नौवें ओवर में 103 रन के कुल स्कोर पर गिरा। रितुराज 17 गेंदों पर तीन चौके व एक छक्के से 24 रन बनाकर अजीत वर्मा की गेंद पर विप्रज निगम को कैच थमा बैठे।

अक्षय दुबे 15 रन बनाकर 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर अभिनंदन सिंह की गेंद पर अजीत वर्मा को कैच थमा बैठे। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर अभिनंदन ने मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह (1) को पवेलियन वापस भेज दिया। रिंकू प्रियम गर्ग को कैच दे बैठे। । उस समय टीम का स्कोर 4 विकेट पर 160 रन था।

इसी बीच दिव्यांश ने 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर मात्र 37 गेंदों की पारी में 11 चौके व 7 छक्के लगाते हुए 100 रन बनाए। यह यूपी टी-20 लीग के इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ा। दिव्यांश शतक पूरा करने के बाद 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर 105 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट होकर बाहर हो गए। उन्होंने 40 गेंदों की अपनी पारी में 12 चौके व सात छक्के भी लगाए।

इस पारी के साथ दिव्यांश ने यूपी टी-20 लीग के इतिहास का सबसे तेज शतक अपने नाम कर लिया। साथ ही वह लीग के फाइनल में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए। इसके बाद दिव्यांश राजपूत (13) को 18वें ओवर में अभिनंदन सिंह ने प्रियम गर्ग के हाथों कैच कराकर मेरठ को पांचवां झटका दिया।

अगले ही ओवर में दिव्यांश जोशी मैदान में लौटे लेकिन वह दूसरी ही गेंद पर भुवनेश्वर का शिकार हो गए। मेरठ की पारी का अंत अंतिम ओवर की आखिरी गेंद पर हुआ जब जीशान अंसारी (3) को विकेटकीपर आराध्य यादव ने रन आउट किया।

लगातार चौथा फाइनल खेलकर मेरठ ने रचा इतिहास

मेरठ मावेरिक्स का यह यूपी टी-20 लीग में लगातार चौथा फाइनल है। टीम ने इस उपलब्धि के साथ राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली लीगों के इतिहास में लगातार चार फाइनल खेलने वाली पहली टीम बनने का दावा भी मजबूत किया है। दूसरी ओर लखनऊ फाल्कन्स पहली बार यूपी टी-20 लीग के फाइनल में उतरी है। मेरठ ने इस मुकाबले के साथ यूपी टी-20 लीग के इतिहास में अपने 50 मैच भी पूरे कर लिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here