लखनऊ। जिला कबड्डी एसोसिएशन, लखनऊ के तत्वावधान में आज अवध पब्लिक स्कूल, रजनी खण्ड, लखनऊ में जिला स्तरीय जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले की विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में चौक स्टेडियम ने लखनऊ वारियर्स को 24-10 से पराजित किया। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में चौक स्टेडियम ने युवा अकादमी को 35-19 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में चौक स्टेडियम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 31-08 के अंतर से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता के आधार पर लखनऊ जनपद की जूनियर बालक कबड्डी टीम का चयन भी किया गया है। चयनित लखनऊ जनपद की टीम आगामी 12 एवं 13 सितम्बर 2026 को बस्ती जनपद में आयोजित होने वाली स्टेट चैम्पियनशिप में लखनऊ का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों से राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
प्रतियोगिता के दौरान अनूप शुक्ला (सचिव), सी.जी. शुक्ला, आई.ए. सिद्दीकी, अजय मिश्रा, पी.सी. यादव, अरुण गौतम, वी.एन. झा एवं टिंकू कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा चयनित खिलाड़ियों को आगामी स्टेट चैम्पियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला कबड्डी एसोसिएशन, लखनऊ की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले अवध पब्लिक स्कूल, रजनी खण्ड के प्रबंधन एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।













