डॉ. नवनीत सहगल बने चेयरमैन, विराज सागर दास अध्यक्ष निर्वाचित

0
31

लखनऊ। उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन (यूपीबीए) की शनिवार को बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी, विपिन खंड, गोमतीनगर में हुई वार्षिक सामान्य सभा की बैठक में नई कार्यकारिणी निर्विरोध चुनी गई।

उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन

इसके बाद डॉ. नवनीत सहगल (सेवानिवृत्त आईएएस) को चेयरमैन, विराज सागर दास को अध्यक्ष व डॉ. सुधर्मा सिंह को सचिव चुना गया जबकि रवींद्र चौहान कोषाध्यक्ष चुने गए।

डॉ. सुधर्मा सिंह सचिव और रवींद्र चौहान कोषाध्यक्ष चुने गए।

बैठक की शुरुआत उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के संयुक्त सचिव स्व. राजेश सक्सेना तथा कार्यकारिणी सदस्य स्व. अनिल कुमार ध्यानी के असामयिक निधन पर शोक प्रस्ताव के साथ हुई। सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दोनों के निधन को बैडमिंटन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक व्यक्त किया गया।

चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय की ओर से लखनऊ के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अतुल सिन्हा तथा उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहे।

एसोसिएशन के चुनाव में सेवानिवृत्त जिला जज हरिमंगल सिंह ने रिटर्निंग ऑफिसर की भूमिका निभाई, जिन्होंने एसोसिएशन के बायलॉज के अनुरूप पूरी प्रक्रिया कराते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के नामों की औपचारिक घोषणा की।

नई कार्यकारिणी के गठन के तहत चेयरमैन, अध्यक्ष, एडवाइजर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, एसोसिएट उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव तथा कार्यकारिणी सदस्यों के पदों पर निर्वाचन हुआ।

वार्षिक सामान्य सभा के उपरांत नवगठित कार्यकारिणी परिषद की पहली बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में एजेंडा के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा के बाद सदस्यों के सुझावों को मंजूरी दी गई और कार्यवाही समाप्त हुई। गौरतलब है कि इससे पहले डॉ. नवनीत सहगल एसोसिएशन के अध्यक्ष और विराज सागर दास चेयरमैन थे। नई कार्यकारिणी में दोनों के पदों की अदला-बदली हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here