कृषि विज्ञान में योगदान के लिए डॉ. राम स्नेही द्विवेदी का हुआ सम्मान

0
59

लखनऊ। प्रोफेसर एच.एस. श्रीवास्तव फाउंडेशन फॉर साइंस एंड सोसाइटी (PHSS) की ओर से आईसीएआर-भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान (ICAR-IISR), लखनऊ में वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक एवं संस्थान के प्लांट फिजियोलॉजी एवं बायोकेमिस्ट्री प्रभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. राम स्नेही द्विवेदी के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि संस्थान के पूर्व निदेशक डॉ. सुशील सोलोमन तथा विशिष्ट अतिथि वर्तमान निदेशक डॉ. एस.एन. सुशील रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ. राम स्नेही द्विवेदी के कृषि विज्ञान, विशेषकर पादप शरीर क्रिया विज्ञान एवं जैव रसायन के क्षेत्र में उल्लेखनीय शैक्षणिक और शोध योगदान की सराहना करते हुए उनके कार्यों को नई पीढ़ी के वैज्ञानिकों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अशोक कुमार श्रीवास्तव ने “मानवता की सेवा में पौधों से प्राप्त उच्च तीव्रता वाले प्राकृतिक स्वीटनर” विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने प्राकृतिक स्वीटनर के वैज्ञानिक, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर दो महत्वपूर्ण प्रकाशनों का भी विमोचन किया गया। इनमें वैज्ञानिक शोध पत्रिका ‘फिजियोलॉजी एंड मॉलिक्यूलर बायोलॉजी ऑफ प्लांट्स’ का नवीनतम अंक तथा बहुभाषी पत्रिका ‘कहार’ का नवीनतम अंक शामिल है।

ये भी पढ़ें : गन्ना उत्पादन बढ़ाने और किसानों को सशक्त बनाने पर हुआ मंथन

कार्यक्रम में प्रोफेसर एच.एस. श्रीवास्तव फाउंडेशन फॉर साइंस एंड सोसाइटी के उपाध्यक्ष डॉ. आर.डी. त्रिपाठी, सचिव प्रो. आर.पी. सिंह सहित फाउंडेशन के सदस्य, आईसीएआर-भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक एवं शोधार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। लगभग 100 प्रतिभागियों ने समारोह में सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंत में आईसीएआर-भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान के प्लांट फिजियोलॉजी एवं बायोकेमिस्ट्री प्रभाग के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here