98वें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के स्थापना दिवस समारोह एवं भाकृअनुप- भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कृषि सामाग्री वितरण कार्यक्रम एवं एक पेड़ माँ के नाम का आयोजन किया गया

0
25

भाकृअनुप- भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, लखनऊ में दिनांक 16.07.26 को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के 98वें स्थापना दिवस, अनुसूचित जाति उपयोजना के अंतर्गत  प्रशिक्षण, कृषि सामाग्री वितरण कार्यक्रम एवं एक पेड़ माँ के नाम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उदघाटन लक्ष्मी नारायण चौधरी, गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार ने किया। इस अवसर पर मंत्री महोदय ने भारतीय कृषि के उल्लेखनीय विकास एवं प्रगति की सराहना की। उन्होंने स्मरण कराया कि एक समय भारत खाद्यान्न आयात पर निर्भर था, जबकि आज देश आत्मनिर्भर होने के साथ-साथ कृषि उत्पादों का निर्यात भी कर रहा है।

उन्होंने भारत को कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में डॉ. एम. एस. स्वामीनाथन के अमूल्य योगदान को याद किया। उन्होंने नैनो उर्वरकों के उपयोग के संबंध में अधिक जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उन्होंने खाद्य तेलों एवं दलहनों के आयात पर भारत की निर्भरता कम करने की आवश्यकता पर बल दिया। जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने अधिक जल उपयोग दक्षता, अल्प अवधि तथा प्रमुख कीटों एवं रोगों के प्रति स्थायी प्रतिरोध वाली जलवायु-सहिष्णु किस्मों के विकास की आवश्यकता बताई।

उन्होंने गन्ना अनुसंधान के क्षेत्र में समर्पित एक प्रतिष्ठित एवं प्रसिद्ध संस्थान के रूप में भाकृअनुप- भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, लखनऊ के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। इस कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (गन्ना विकास एवं चीनी मिल) संजय सिंह गंगवार ने उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी गन्ना उत्पादक राज्य बताते हुए राज्य में गन्ने के क्षेत्रफल एवं उत्पादन पर प्रकाश डाला।

उन्होंने अनुसंधान, तकनीकी प्रगति तथा किसान-केंद्रित हस्तक्षेपों के माध्यम से प्रति हेक्टेयर 115 टन उत्पादकता के लक्ष्य को प्राप्त करने का आह्वान किया। संजय सिंह गंगवार, ने केंद्रीय कृषि मंत्री की अपेक्षाओं को पूरा करने की आवश्यकता पर बल देते हुए भारत में 100 स्मार्ट गाँव स्थापित करने की परिकल्पना पर बात की।

भाकृअनुप- भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. एस. एन. सुशील ने संस्थान में चलाई जा रही विभिन्न परियोजनाओं एवं उपलब्ध गन्ना उत्पादन तकनीकों पर विस्तृत रूप से जानकारी दिया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के 98वें स्थापना दिवस समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया।

कार्यक्रम के दौरान किसानों में कृषि सामग्री का माल मलीहाबाद एवं बीकेटी के कुल 100 किसानों/महिलाओं के बीच वितरण किया गया। डॉ. संजीव कुमार, अध्यक्ष, फसल सुधार विभाग ने उन्नत गन्ना किस्मों के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात् डॉ. एन. के. के. राठौड़ ने गन्ने में गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन पर विस्तार से जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में परियोजना समन्वयक (गन्ना) डॉ. दिनेश सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनीता सावनानी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान में एक पेड़ माँ के नाम का भी आयोजन संस्थान के पास प्रकृति समरसता उपवन में किया गया। जिसमें निदेशक महोदय एवं संस्थान के सभी कार्मिकों ने पौध रोपड़ किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here