बारिश के बीच गौर गोरखपुर लायंस का कमाल, लखनऊ फाल्कन्स को चार विकेट से हराया

9
106

लखनऊ। गौर गोरखपुर लायंस ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के तीसरे मैच में बारिश से प्रभावित और स्पिन गेंदबाजों के दबदबे वाले मुकाबले में संयम और शानदार टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए लखनऊ फाल्कन्स को डीएलएस पद्धति से चार विकेट से हराया।

यूपी टी-20 लीग सीजन-4

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में गोरखपुर ने 100 रन के संशोधित लक्ष्य को दो गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। आज लखनऊ फाल्कंस और गोरखपुर के मैच की डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने घंटा बजाकर शुरुआत कराई। उन्हें यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ संजय कपूर ने स्मृति चिन्ह प्रदान किया।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि, यूपी टी-20 लीग उत्तर प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच दे रही है। प्रदेश में क्रिकेट और अन्य खेलों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।

इस लीग के माध्यम से हमारे खिलाड़ियों को अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेटरों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिल रहा है। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में यूपी टी-20 लीग से कई प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की उपस्थिति हमारे लिए बेहद सम्मान और उत्साह की बात है।

यूपी टी-20 लीग केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का एक प्रयास है। हमारा प्रयास है कि लखनऊ से लेकर प्रदेश के छोटे शहरों और कस्बों तक के खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिले और वे बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। उनका प्रोत्साहन खिलाड़ियों के लिए निश्चित रूप से ऊर्जा का काम करेगा।

गौर गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसे उनके गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में ही सही साबित कर दिया।

लखनऊ फाल्कन्स का शीर्ष क्रम लड़खड़ा गया और पावरप्ले के भीतर टीम का स्कोर पांच विकेट पर 31 रन हो गया। छठे ओवर में प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए और फाल्कन्स की मुश्किलें बढ़ा दीं। इसके बाद सत्यम पांडे ने पारी को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर विप्रज निगम के साथ छोटी साझेदारी की।

ये भी पढ़ें : बॉबी यादव-कार्तिक सिद्धू का कमाल, 57/7 से वापसी कर नोएडा किंग्स ने कानपुर को हराया

ये भी पढ़ें : यश गर्ग ने मेरठ के लिए आखिरी ओवर में मैच पलटा

ये भी पढ़ें : यश गर्ग व जीशान अंसारी की फिरकी के आगे काशी रुद्रास बेबस, मेरठ मावेरिक्स के सामने 119 रन की चुनौती

ये भी पढ़ें : 25 करोड़ की आबादी वाले यूपी में प्रतिभाओं की भरमार, यूपी टी-20 लीग दे रही नया मंच : सीएम योगी

ये भी पढ़ें : काशी रुद्रास और मेरठ मेवरिक्स के मैच से होगा यूपी टी20 लीग का आगाज

निगम 10 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद पांडे को अजीत वर्मा का साथ मिला। दोनों ने सावधानी से बल्लेबाजी करते हुए पारी को आगे बढ़ाया। हालांकि 14.3 ओवर के बाद बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा, उस समय लखनऊ का स्कोर छह विकेट पर 88 रन था।

बारिश के बाद मैच 15-15 ओवर का कर दिया गया। पांडे और वर्मा ने पारी की अंतिम तीन गेंदों पर छह रन जोड़े और लखनऊ फाल्कन्स का स्कोर छह विकेट पर 94 रन तक पहुंचाया। डीएलएस पद्धति के आधार पर गौर गोरखपुर लायंस के सामने 15 ओवर में 100 रन का संशोधित लक्ष्य रखा गया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे गोरखपुर की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह ने दूसरे ओवर में लगातार दो विकेट लेकर लायंस को दबाव में ला दिया। उन्होंने सलामी बल्लेबाज अभय प्रताप सिंह को 10 रन और कप्तान आर्यन जुयाल को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा।

इसके बाद सिद्धार्थ यादव ने मोर्चा संभाला और शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने तेजी से रन बनाने के साथ 27 गेंदों पर 39 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर गोरखपुर की जीत की उम्मीदों को मजबूत किया।

हालांकि लखनऊ फाल्कन्स ने वापसी की कोशिश जारी रखी। विप्रज निगम ने प्रभावी स्पिन गेंदबाजी करते हुए लायंस के मध्यक्रम पर दबाव बनाया। उन्होंने गेंद को सतह से अच्छी टर्न कराते हुए आठवें ओवर में दो विकेट हासिल किए। निगम ने अपने तीन ओवर में 10 रन देकर दो विकेट झटके।

इसके बाद 11वें ओवर में नवनीत कुमार ने अच्छी बल्लेबाजी कर रहे सिद्धार्थ यादव को आउट कर लायंस को एक और झटका दिया। सिद्धार्थ का कैच लखनऊ के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने सुरक्षित रूप से पकड़ा। यह मैच में उनका तीसरा कैच रहा।

मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका था। लायंस को 29 गेंदों में 26 रन की जरूरत थी और उसके पांच विकेट शेष थे। ऐसे समय में पार्थ पलावत ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 25 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। हालांकि अनुभवी भुवनेश्वर कुमार ने उन्हें अंतिम से पहले वाले ओवर में आउट कर मुकाबले को फिर रोमांचक बना दिया।

गोरखपुर को अंतिम छह गेंदों में सिर्फ तीन रन की जरूरत थी। शिवम शर्मा ने अंतिम क्षण के रोमांच की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी और शानदार चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी।

9 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here