हाईलाइट्स
- प्रथम कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में बांग्लादेश को 29-19 से हराया
- भारतीय खेल प्राधिकरण और अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया ने सौंपी है कोचिंग की जिम्मेदारी
अहमदाबाद। भारतीय कबड्डी कोच मणिकराज मुदिराज के मार्गदर्शन में श्रीलंका की महिला कबड्डी टीम ने प्रथम कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
अहमदाबाद के नारणपुरा स्थित वीर सावरकर स्टेडियम में चल रही प्रतियोगिता में श्रीलंकाई टीम ने ग्रुप बी के मुकाबले में बांग्लादेश को 29-19 से हराकर यह उपलब्धि हासिल की।
मणिकराज मुदिराज भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, गांधीनगर में सहायक कबड्डी कोच के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें इस चैंपियनशिप में श्रीलंका की पुरुष और महिला राष्ट्रीय टीमों के कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया ने भारतीय खेल प्राधिकरण के समन्वय से उन्हें इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए प्रतिनियुक्त किया है।
कबड्डी की रणनीति, गति, फुर्ती, रक्षात्मक तकनीक और रेडिंग कौशल में विशेषज्ञता रखने वाले मणिकराज इससे पहले 19वें एशियाई खेलों के लिए मलेशिया की पुरुष राष्ट्रीय कबड्डी टीम के मुख्य कोच के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
इसके अलावा, तेलंगाना में अपने कोचिंग अनुभव के दौरान उन्होंने घरेलू स्तर पर कबड्डी प्रतिभाओं को निखारने में योगदान दिया है।
भारतीय कोचिंग विशेषज्ञता को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच
श्रीलंका की महिला टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर मणिकराज ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भारतीय खेल प्राधिकरण और अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में श्रीलंका की पुरुष और महिला टीमों को प्रशिक्षित करने का अवसर उनके लिए सम्मान की बात है।
मणिकराज ने भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, गांधीनगर को इस प्रतियोगिता में कोचिंग की जिम्मेदारी निभाने के लिए कार्यमुक्त करने तथा सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रति भी विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें : साइकिलिंग संग साइबर सुरक्षा का संदेश, अहमदाबाद में फिट इंडिया का जुनून
उन्होंने कहा कि श्रीलंका की महिला टीम का सेमीफाइनल में पहुंचना उनके लिए गर्व का क्षण है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय कोचिंग विशेषज्ञता का प्रतिनिधित्व करने के साथ विभिन्न देशों में कबड्डी के विकास में योगदान देना उनके लिए महत्वपूर्ण अनुभव है।
मणिकराज की यह नियुक्ति अंतरराष्ट्रीय कबड्डी में भारतीय कोचों की विशेषज्ञता और विभिन्न देशों के बीच खेल सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।













