35 जिलों में मातृ एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देगी हिंदुजा-उत्तर प्रदेश सरकार की साझेदारी

0
53

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 35 जिलों में मातृ एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए पी. डी. हिंदुजा अस्पताल एवं मेडिकल रिसर्च सेंटर और उत्तर प्रदेश सरकार के स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन (एसटीसी-यूपी) ने साझेदारी की है।

‘सेविंग लाइव्स. बिल्डिंग ए हेल्दीयर भारत’ पहल के तहत शुरू किए गए इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को समुदायों और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना है।

इसी क्रम में लखनऊ में हिंदुजा मोबाइल हेल्थ यूनिट की शुरुआत की गई, जिसे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ब्रजेश पाठक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हिंदुजा मोबाइल हेल्थ यूनिट को दिखाई हरी झंडी

लखनऊ स्थित राम प्रकाश गुप्ता मातृत्व एवं शिशु राज्य रेफरल अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में पूरी तरह सुसज्जित मोबाइल हेल्थ यूनिट को रवाना किया गया।

प्रशिक्षित चिकित्सकीय एवं तकनीकी टीमों से लैस यह यूनिट लोगों को मौके पर ही स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराएगी। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को आगे के उपचार के लिए रेफरल सहायता भी दी जाएगी।

 माताओं और किशोरों तक पहुंचेंगी जांच व परामर्श सेवाएं

कार्यक्रम को राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ने में एसटीसी-यूपी सहयोग करेगा। इसके तहत जिला स्तर पर समन्वय, प्रशासनिक मंजूरियों तथा सरकारी एवं सहायता प्राप्त स्कूलों और सामुदायिक स्थलों तक मोबाइल यूनिट की पहुंच सुनिश्चित करने में सहायता दी जाएगी।

कार्यक्रम के तहत दो प्रमुख लाभार्थी समूहों को लक्षित किया गया है। पहले समूह में ‘मातृशक्ति’ के तहत मुख्यमंत्री मातृत्व सुरक्षा संकल्प योजना से जुड़ी गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को शामिल किया गया है।

दूसरे समूह में 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों को शामिल किया गया है, जिन्हें सरकारी एवं सहायता प्राप्त स्कूलों और सामुदायिक क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस पहल के माध्यम से समय पर स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक उपचार के लिए रेफरल और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।

माताओं और किशोरों पर रहेगा विशेष फोकस

यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम पी. डी. हिंदुजा अस्पताल की राष्ट्रीय स्वास्थ्य पहल ‘सेविंग लाइव्स. बिल्डिंग ए हेल्दीयर भारत’ का हिस्सा है।

अस्पताल की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर 24 फरवरी 2026 को मुंबई के लोक भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस पहल का उद्घाटन किया था। वर्षभर चलने वाली इस पहल का उद्देश्य अस्पताल की विशेषज्ञता और सेवा अनुभव को अस्पताल की चारदीवारी से बाहर ले जाकर देशभर के समुदायों तक पहुंचाना है।

स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने पर जोर

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि माताओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने हिंदुजा ग्रुप की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मोबाइल हेल्थ यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में हिंदुजा अस्पताल के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग करेगी। उन्होंने इस पहल को मातृ एवं बाल स्वास्थ्य के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

पी. डी. हिंदुजा हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर के चेयरमैन अशोक पी. हिंदुजा ने कहा कि अस्पताल की 75वीं वर्षगांठ पर शुरू की गई पहल के पीछे अस्पताल की विशेषज्ञता को चारदीवारी से बाहर निकालकर देशभर के समुदायों तक पहुंचाने का संकल्प है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में यह साझेदारी माताओं और किशोरों के स्वास्थ्य एवं देखभाल को बेहतर बनाने के प्रयासों को मजबूती देगी।

उन्होंने कहा कि यह पहल वर्ष 2047 तक स्वस्थ और समृद्ध विकसित भारत के निर्माण के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम किया जाएगा।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में भारत में सेशेल्स की उच्चायुक्त एच.ई. हरिसोआ ललाटियाना अकूश विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन,

उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह, आरएमएल के निदेशक डॉ. सी. एम. सिंह, पी. डी. हिंदुजा अस्पताल के डिप्टी चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर जॉय चक्रवर्ती और हिंदुजा ग्रुप लिमिटेड के ग्रुप प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट अफेयर्स डॉ. एस. के. चड्ढा सहित अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : यूपी में पहली बार लैब में तैयार सेल्स से यूरिथ्रल स्ट्रिक्चर का सफल इलाज

पी. डी. हिंदुजा अस्पताल और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच हुई इस साझेदारी का लक्ष्य 35 जिलों में मातृ एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना,

समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को मजबूत करना है। मोबाइल हेल्थ यूनिट के जरिए स्वास्थ्य सुविधाओं को समुदायों तक पहुंचाने से उन लोगों को भी समय पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद है, जिन्हें विशेषज्ञ सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाई होती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here