एशियन जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप में भारतीय जूनियर टीम का ऐतिहासिक प्रदर्शन, पदक विजेताओं का भव्य स्वागत

0
24

जुनयी, चीन में आयोजित 19वीं जूनियर एवं 13वीं सीनियर MAG एशियन जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप 2026 में भारतीय जूनियर पुरुष जिम्नास्टिक्स टीम ने इतिहास रचते हुए टीम चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। यह पहली बार है जब भारतीय टीम ने एशियन जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप के पोडियम पर स्थान प्राप्त किया।

भारतीय जूनियर टीम के सदस्य हर्षित दामोदरन, निशाद नारवणे, एस.के. नबिघ अली, अक्षत बजाज एवं मोहम्मद ज़ैद अंसारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। टीम के कोच राजा बाबू एवं यिन अल्वारेज़ के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत को यह गौरवशाली सफलता दिलाई।

व्यक्तिगत स्पर्धा में भी भारत का दबदबा देखने को मिला। जूनियर पुरुष वॉल्ट फाइनल में हर्षित दामोदरन ने 13.649 अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि अक्षत बजाज ने 13.433 अंक के साथ रजत पदक अपने नाम किया। इस प्रकार भारत ने एशियन चैंपियनशिप में ऐतिहासिक 1-2 फिनिश दर्ज की।

भारत लौटने पर दिल्ली एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर अकादमी एवं दिल्ली जिम्नास्टिक संगठन के पदाधिकारियों, कोचों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने फूल-मालाओं के साथ खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया। स्वागत समारोह में जिम्नास्टिक कोच मनोहर रावत, लखन शर्मा सहित अन्य कोच उपस्थित रहे।

अकादमी के नन्हे खिलाड़ी आश्निक सहगल एवं अन्य बच्चों ने भी एयरपोर्ट पहुंचकर खिलाड़ियों का स्वागत किया। युवा खिलाड़ियों में अपने आदर्श खिलाड़ियों के प्रति विशेष उत्साह और गर्व देखने को मिला।

इस अवसर पर जिम्नास्टिक कोच प्रवीण शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। खिलाड़ियों ने लगातार सुबह-शाम अभ्यास कर स्वयं को इस स्तर तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता भारतीय जिम्नास्टिक्स के लिए एक नए युग की शुरुआत है और आने वाले समय में देश के खिलाड़ी विश्व एवं ओलंपिक मंच पर भी अपनी पहचान बनाएंगे।

सभी उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों, कोचों एवं पूरे सपोर्ट स्टाफ को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 🇮🇳🥉🥇🥈 जय हिंद! भारतीय जिम्नास्टिक्स का स्वर्णिम भविष्य हमारा इंतजार कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here