श्रेयस के शतक से भारत की धमाकेदार जीत, नमन धीर ने डेब्यू में झटके तीन विकेट

0
33
© BCCI

लखनऊ। कप्तान श्रेयस अय्यर (नाबाद 102) के कॅरियर के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक और डेब्यू मैच में नमन धीर की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज को पहले टी20 मुकाबले में आठ विकेट से हरा दिया।

भारत ने 172 रन का लक्ष्य महज 14.4 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। श्रेयस ने 43 गेंदों पर 10 चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 102 रन बनाए जबकि इशान किशन ने 27 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से नाबाद 37 रन बनाए।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

वेस्टइंडीज ने शाई होप (52) और शेरफेन रदरफोर्ड (56) के अर्धशतकों की मदद से 19.1 ओवर में 171 रन बनाए। भारत की ओर से नमन धीर और कुलदीप यादव ने तीन तीन विकेट लिए। अक्षर पटेल को दो और अर्शदीप सिंह को एक विकेट मिला।

होप और रदरफोर्ड ने संभाली वेस्टइंडीज की पारी

वेस्टइंडीज ने तेज शुरुआत की। शाई होप ने शुरुआती ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया। मयंक यादव के दूसरे ओवर में उन्होंने लगातार चार चौके लगाए। अर्शदीप सिंह ने पांचवें ओवर में कामिल पूरन (12) को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई।

इसके बाद अक्षर पटेल ने एक ही ओवर में वेस्टइंडीज को दो झटके दिए। पहले शिमरॉन हेटमायर (5) रन आउट हुए और फिर अक्षर ने रोवमन पॉवेल को खाता खोले बिना बोल्ड कर दिया।

दो विकेट जल्दी गिरने के बाद होप और रदरफोर्ड ने पारी को संभाला। दोनों ने तेजी से रन बनाते हुए वेस्टइंडीज को 100 रन के पार पहुंचाया। 11वें ओवर में दोनों ने अक्षर पटेल के खिलाफ 18 रन बटोरे।

नमन ने होप को भेजा पवेलियन
© BCCI

नमन धीर ने 12वें ओवर में भारत को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई। उन्होंने शाई होप को 52 रन पर आउट कर साझेदारी तोड़ी। होप ने 37 गेंदों की पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए।

इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज पर शिकंजा कस दिया। कुलदीप यादव ने रॉस्टन चेज (5) को आउट किया, जबकि नमन ने रोमारियो शेफर्ड (7) को पवेलियन भेजकर अपना दूसरा विकेट हासिल किया। कुलदीप ने मैथ्यू फोर्ड (2) और नमन ने शमार स्प्रिंगर (9) को आउट कर वेस्टइंडीज की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।

रदरफोर्ड ने दूसरे छोर पर आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और 34 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से अर्धशतक पूरा किया। हालांकि 19वें ओवर में कुलदीप यादव ने उनका विकेट हासिल कर लिया। आखिरी विकेट के रूप में अकील हुसैन (15) आउट हुए और वेस्टइंडीज की पारी 171 रन पर समाप्त हो गई।

अभिषेक और संजू जल्दी लौटे

172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत तेज रही, लेकिन अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ज्यादा देर नहीं टिक सके। अभिषेक ने 10 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाए। उन्हें रॉस्टन चेज ने शिमरॉन हेटमायर के हाथों कैच कराया। संजू सैमसन 11 रन बनाकर अकील हुसैन का शिकार बने। अकील ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच लपका।

श्रेयस और इशान ने पलटा मैच

दो विकेट गिरने के बाद श्रेयस अय्यर और इशान किशन ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने बिना किसी दबाव के तेजी से रन बनाते हुए वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।

श्रेयस ने नौवें ओवर में लगातार तीन चौके लगाकर अपना स्कोर 42 रन तक पहुंचाया। इसके बाद 11वें ओवर में एक रन लेकर उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय कॅरियर का 11वां अर्धशतक पूरा किया। इसी ओवर में उन्होंने शमार स्प्रिंगर की गेंद पर छक्का भी लगाया।

इशान को इसी ओवर में जीवनदान मिला, जब मैथ्यू फोर्ड ने उनका कैच पकड़ा। हालांकि रिप्ले में गेंद जमीन को छूती हुई दिखाई दी और थर्ड अंपायर ने इसे नॉट आउट करार दिया।

ये भी पढ़ें : होप और रदरफोर्ड के अर्धशतक, डेब्यू मैच में चमके नमन धीर, वेस्टइंडीज के 171 रन

ये भी पढ़ें : इकाना में भारत-वेस्टइंडीज टी20 की स्कोरिंग संभालेंगे यूपी के पांच स्कोरर

ये भी पढ़ें : इकाना में भारत की नई चुनौती, श्रेयस की कप्तानी में टी20 सीरीज का आगाज

इसके बाद श्रेयस और इशान ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। 12वें ओवर में श्रेयस ने अकील हुसैन की गेंद पर छक्का और चौका लगाया। इसी ओवर में नो बॉल पर मिले फ्री हिट का भी भारत ने फायदा उठाया। इशान ने पहले एक रन लिया और अगली गेंद पर चौका जड़ दिया।

श्रेयस ने जड़ा पहला शतक

श्रेयस ने महज 43 गेंदों पर 10 चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 102 रन की तूफानी पारी खेली। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय कॅरियर का पहला शतक रहा। इशान किशन ने 27 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से नाबाद 37 रन जोड़े।

दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 68 गेंदों पर 137 रन की अजेय साझेदारी की और भारत ने 14.4 ओवर में 172 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। श्रेयस अय्यर इस शतक के साथ भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में शतक लगाने वाले तीसरे कप्तान बन गए। बतौर बल्लेबाज भी यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय शतक है।

इकाना में दूसरा टी20 शतक

श्रेयस का शतक इकाना स्टेडियम में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का दूसरा शतक रहा। इससे पहले रोहित शर्मा ने छह नवंबर 2018 को वेस्टइंडीज के खिलाफ इसी मैदान पर शतक लगाया था।

नमन धीर का यादगार डेब्यू, तीन विकेट झटक किया प्रभावित

नमन धीर ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण को यादगार बनाते हुए 31 रन देकर तीन विकेट झटके। उन्होंने शाई होप, रोमारियो शेफर्ड और शमार स्प्रिंगर को पवेलियन भेजा।

नमन को अर्शदीप सिंह ने उनकी पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय कैप सौंपी। उन्होंने इससे पहले 27 सितंबर को वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। इस तरह नमन ने अपने अंतरराष्ट्रीय कॅरियर की शुरुआत दोनों सीमित ओवर प्रारूपों में पदार्पण के साथ की।

मैच के प्रमुख रिकॉर्ड
  • श्रेयस अय्यर ने 43 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाकर टी20 अंतरराष्ट्रीय कॅरियर का पहला शतक लगाया।
  • श्रेयस भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में शतक लगाने वाले तीसरे कप्तान बन गए।
  • इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का यह दूसरा शतक है। पहला शतक रोहित शर्मा ने 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here