सुपर ओवर में केकेआर की ‘सुपर’ जीत, लखनऊ की घर में मिली लगातार चौथी हार

0
36
© BCCI

लखनऊ। आईपीएल 2026 का 38वां मैच इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स व कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया जो रोमांच की सभी हदों को पार कर गया। यह मैच सुपर ओवर तक गया जिसमें केकेआर ने जीत दर्ज की और लखनऊ को घर में सीजन की लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा।

सीजन में पहली बार बने कई रोमांचक समीकरण

वही मैच में सीजन की कई बाते पहली बार हुई। एलएसजी से तेज गेंदबाज मोहसिन खान का कॅरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (23 रन पर पांच विकेट), केकेआर के उपकप्तान रिंकू सिंह की नाबाद 83 रन की ताबड़तोड़ संयम भरी कॅरियर बेस्ट पारी और पांच शानदार कैच लपकना भी यादगार बन गए। इसके साथ अंगकृष रघुवंशी का आईपीएल में ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड आउट और फिर सीजन का पहला सुपर ओवर भी खेला गया।

मोहसिन खान का कॅरियर बेस्ट 23/5 बनाम रिंकू सिंह के नाबाद 83 रन

सुपर ओवर में एलएसजी से एडन मार्करम और निकोलस पूरन उतरे जबकि केकेआर से गेंदबाजी करने उतरे सुनील नरेन ने पूरन को पहली ही गेंद पर आउट कर दिया। ऋषभ पंत ने नाबाद एक रन बनाए। वहीं तीसरी गेंद पर मार्करम को रिंकू सिंह ने कैच लपक आउट किया।

मोहसिन खान © BCCI

जवाब में केकेआर से रोवमैन पॉवेल और रिंकू सिंह उतरे और उन्होंने पहली ही गेंद पर चौका जड़कर टीम को जीत दिला दी। एलएसजी से प्रिंस यादव गेंदबाजी करने उतरे। केकेआर ने निर्धारित ओवर में सात विकेट पर 155 रन का चुनौती पूर्ण स्कोर बनाया। जवाब में एलएसजी ने भी आठ विकेट पर 155 रन बनाकर मैच को रोमांचक बना दिया।

घर में एलएसजी की आठवीं और इस सीजन की लगातार चौथी हार

यह घर में एलएसजी की आठवीं और इस सीजन की लगातार चौथी हार है। वहीं एलएसजी इस सीजन में अब तक 6 मैच गंवा चुकी है। यह मैच जीतने के लिए लखनऊ ने हर संभव प्रयास किया और काली मिट्टी की पिच पर मैच खेला लेकिन बदली पिच भी एलएसजी की किस्मत नहीं बदल सकी।

एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 27 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। टीम से उपकप्तान रिंकू सिंह ने 51 गेंदों पर सात चौके व पांच छक्के से नाबाद 83 रन की पारी खेली और पारी के आखिरी ओवर में चार छक्के जड़े और मैन ऑफ द मैच बने।

केकेआर ने टिम साइफर्ट के रुप में पहला विकेट गंवाया। उन्हें मोहसिन खान ने पारी के दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर मुकुल चौघरी के हाथों कैच कराया। टिम खाता भी नहीं खेल सके। इसके बाद मोहसिन ने कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे की पारी का अंत किया। रहाणे 15 गेंदों पर 10 रन ही बना सके। वह चौथे ओवर की चौथी गेंद पर एडम मार्करम को कैच थमा बैठे।

अंगकृष रघुवंशी ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड आउट होने वाले आईपीएल के चौथे बल्लेबाज इसके बाद अंगकृष रघुवंशी के रुप में तीसरा विकेट गिरा। वह नौ रन के व्यक्तिगत स्कोर पर पांचवें ओवर की अंतिम गेंद पर फील्डिंग में बाधा पहुंचाने के दोषी पाए गए जिसके बाद अंपायरों ने उन्हें ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड आउट करार दे दिया।

वह प्रिंस यादव की गेंद पर शॉट खेलने के बाद रन के लिए दौड़े, लेकिन उन्हें बीच में ही वापस लौटना पड़ा। क्रीज में पहुंचने की कोशिश में वे डाइव लगाते हुए लाइन से थोड़ा बाहर चले गए और इस दौरान गेंद की दिशा में उनका मूवमेंट हो गया। यहां थ्रो मोहम्मद शमी ने किया था। थर्ड अंपायर ने रिप्ले देखने के बाद फैसला दिया कि रघुवंशी ने गेंद की लाइन में आकर फील्डिंग में बाधा डाली।

अंगकृष रघुवंशी आईपीएल में ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड आउट होने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। इस नियम के चलते यूसुफ पठान (2013), अमित मिश्रा (2019) और रवींद्र जडेजा (2024) भी आउट हो चुके हैं। इसके बाद पॉवेल (1) की पारी का अंत मोहसिन खान ने पारी के सातवें ओवर की पहली गेंद पर कप्तान ऋषभ पंत ने विकेट के पीछे कैच लपक कर किया। टीम चार विकेट पर 31 रन बनाकर मुश्किल में फंस गयी थी।

जॉर्ज लिंडे के ओवर में कैमरन ग्रीन ने लगातार दो छक्के लगा दिए। उन्होंने 8.3 ओवर में हल्की फ्लाइटेड गेंद को सीधे गेंदबाज के सिर के ऊपर से छक्का जड़ने के बाद लगातार दूसरा छक्का लगा दिया। कैमरन ग्रीन ने 34 रन बनाए जिनकी पारी का अंत 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर हुआ। कैमरन ग्रीन बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में मोहसिन खान की गेंद पर विकेट के पीछे ऋषभ पंत को प्वाइंट पर कैच थमा बैठे।

इसी ओवर में अनुकुल राय खाता भी नहीं खोल सके जिन्हें मिड विकेट पर आयुष बदोनी ने कैच लपका। इस ओवर में केकेआर ने 11 रन बनाने के साथ दो विकेट भी गंवाए। मोहसिन ने इस तरह पांच विकेट पूरे किए जो आईपीएल के इस सीजन में यह प्रदर्शन करने वाले पहले गेंदबाज है। मोहसिन का आईपीएल में यह कॅरियर का बेस्ट प्रदर्शन है।

उनकी घातक गेंदबाजी के चलते केकेआर की आधी टीम पवेलियन वापस लौट गयी। मोहसिन खान ने अपने स्पैल में एक मेडन के साथ 23 रन पर 5 बल्‍लेबाजो का विकेट चटकाए। केकेआर को 15वें ओवर की अंतिम गेंद पर तब सातवां झटका लगा जब रमनदीप सिंह (6) लिंडे की फ्लाइटेड गेंद पर रमनदीप सिंह आउट हो गए।

रमनदीप ने घुटने पर बैठकर लॉन्ग-ऑन के ऊपर से शॉट खेलना चाहा लेकिन लेकिन गेंद बल्ले पर ठीक से नहीं आ सकी जिसे मिचेल मार्श ने कैच लपकने मे कोई गलती नहीं की। इसी के साथ केकेआर सात विकेट पर 93 रन बनाकर मुश्किल में फंस गई।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलएसजी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को पहला झटका दूसरे ओवर की पहली गेंद पर लगा जब मिचेल मार्श दो रन के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट हो गए।

मार्श ने वैभव अरोड़ा की शॉर्ट गेंद पर बड़ा शॉट खेलना चाहा लेकिन हवा में उठी गेंद को रोवमैन पॉवेल ने मुश्किल कैच पकड़ा। हालांकि पॉवेल कैच लेते समय संतुलन बिगड़ने के चलते जमीन पर गिर पड़े। वह तीसरे ओवर में मैदान पर वापस आ गए। इस ओवर में लखनऊ के कप्तान पंत ने कैमरन ग्रीन की गेंद पर मिड-ऑन के ऊपर छक्का जड़ा।

वहीं सुनील नरेन के 5वें ओवर में ऋषभ पंत ने शॉर्ट गेंद को मिडविकेट के पार चौका जड़ दिया। एलएसजी के पावर प्ले में एक विकेट पर 37 रन रहे जबकि केकेआर के तीन विकेट पर 31 रन रहे। वहीं नौवें ओवर में वरुण चक्रवती के ओवर में एडन मार्करम ने बैक ऑफ लेंथ गेंद को शानदार तरीके से लॉन्ग-ऑन के ऊपर से शॉट खेलते हुए छक्का मारा। मार्करम 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर 31 रन के निजी स्कोर पर कैमरन ग्रीन की गेंद पर रिंकू सिंह को कैच थमा बैठे।

फिर कप्तान पंत 38 गेंदों पर चार चौके व एक छक्के से 42 रन बनाने के बाद 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने सुनील नरेन की फुल गेंद पर रिवर्स शॉट खेलने का नाकाम प्रयास किया। गेंद पंत के ग्लब्ज को छूती हुई विकेटकीपर टिम साइफर्ट के दस्ताने में समा गयी। इसे मैदानी अंपायर ने नॉट आउट करार दिया लेकिन लेकिन केकेआर ने विकेटकीपर की अपील के बाद रिव्यू का सहारा लिया और थर्ड अंपायर ने पंत को आउट दे दिया।

इसके बाद निकोलस पूरन (9) 14वें ओवर की अंतिम गेंद पर मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवती की गेंद पर सुनील नरेन को कैच थमा बैठे। फिर 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर मुकुल चौधरी (1) को अनुकूल रॉय की गेंद पर रिंकू सिंह ने कैच लपककर आउट किया।

एलएसजी का छठां विकेट आयुष बदोनी (24) के रुप में गिरा, जिन्हें 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर अनुकूल रॉय ने वरुण चक्रवती के हाथों कैच करा किया। फिर जॉर्ज लिंडे (8) वैभव अरोड़ा की गेंद पर रिंकू सिंह को कैच थमा बैठे। उनका विकेट 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर गिरा।

आखिरी ओवर में कार्तिक त्यागी ने लगातार दो नो बॉल फेंक मैच रोमांचक बना दिया। इसी ओवर में वरुण त्यागी की गेंद पर हिम्मत सिंह (19) रिंकू सिंह को कैच थमा बैठे। मैच में तीन गेंद शेष थी जबकि आखिरी गेंद पर जब सात रन चाहिए थे तब शमी ने छक्का जड़ दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here