LU Cup अंतर-महाविद्यालयीय टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के फाइनल में एल यू गंगा ने एल यू अरावली को 4 विकेट से हराकर जीता खिताब

0
25

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित LU Cup Inter-Collegiate T-20 Cricket Tournament 2026 का फाइनल मुकाबला आज परांजपे पवेलियन ग्राउंड पर एल यू गंगा और एल यू अरावली के बीच खेला गया। रोमांचक खिताबी मुकाबले में एल यू गंगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एल यू अरावली को 4 विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले में एल यू अरावली के कप्तान आदि आदेश शुक्ला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पावरप्ले के दौरान ही एल यू अरावली के पांच विकेट गिर गए, जिससे टीम दबाव में आ गई।

इसके बावजूद बल्लेबाजों ने पारी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन एल यू गंगा के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। एल यू अरावली की पूरी टीम 29 ओवर में 128 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

एल यू अरावली की ओर से क्षितिज त्रिपाठी ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

129 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एल यू गंगा की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम को पहले ही ओवर में विकेट गंवाना पड़ा। शुरुआती झटकों के बावजूद कप्तान आदित्य प्रताप सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 77 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनकी जिम्मेदार और प्रभावशाली बल्लेबाजी ने टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

कप्तान आदित्य प्रताप सिंह की शानदार पारी की बदौलत एल यू गंगा ने रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से जीत दर्ज कर LU Cup Inter-Collegiate T-20 Cricket Tournament 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।

लखनऊ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने विजयी टीम को ट्रॉफी और पुष्पगुच्छ देकर समान्नित किया। इसके साथ ही साथ उपविजेता टीम को भी सम्मानित किया।

माननीय कुलपति ने अपने उद्बोधन में पूरे टूर्नामेंट में किये गए शानदार प्रदर्शन, खेल भावना के लिए समस्त खिलाडियों को बधाई दी एवं क्रीड़ा परिषद के सफल आयोजन के लिए भी बधाई दी। उन्होंने बताया कि क्रिकेट की तरह अन्य गेम का भी इंटर कॉलीजिट टूर्नामेंट भी आने वाले समय मे होंगे। इस मौके पर लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, रायबरेली एवं लखीमपुर जिलो के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

क्रीड़ा परिषद के चेयरमैन प्रो. आर बी सिंह ने भी समस्त खिलाड़ियों के खेल प्रतिभा के लिए बधाई दी और आने वाले टूर्नामेंट के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी। लखनऊ विश्वविद्यालय क्रिकेट टीम के चीफ सलेक्टर मोहम्मद उबैद कमाल एवं कोच शोयब कमाल के निर्देशन में नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी की टीम का कैम्प किया जाएगा। जिमसें से चयनित खिलाड़ी आने वाले टूर्नामेंट मे भाग ले सकेंगे।

क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. अजय कुमार आर्य ने बताया कि लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी क्रिकेट प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ टीमवर्क, अनुशासन और खेल भावना को विकसित करने का अवसर प्रदान किया।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन से विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक खेलों के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here