लखनऊ। महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश, पी.सी. मीना की अध्यक्षता में शुक्रवार को कारागार मुख्यालय, लखनऊ से प्रदेश के समस्त परिक्षेत्रीय उप महानिरीक्षकों तथा वरिष्ठ अधीक्षक/अधीक्षक/प्रभारी अधीक्षक कारागार के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में मानव संपदा पोर्टल पर कार्मिकों के अभिलेखों को अपलोड किए जाने तथा विभाग के समस्त पदों को पोर्टल पर दर्ज किए जाने की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। महानिदेशक ने संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, आदर्श कारागार में बंदियों के स्थानांतरण के संबंध में प्रस्ताव उपलब्ध कराने तथा प्रदेश की विभिन्न कारागारों में स्थापित जार्विस सीसीटीवी कैमरों की मुख्यालय स्थित वीडियो वॉल से कनेक्टिविटी की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों की देखभाल के लिए आयोजित की जाने वाली जनपद स्तरीय बैठकों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। साथ ही, कारागारों में मुलाकात के दौरान तलाशी की व्यवस्था को प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया गया।

बैठक में दिव्यांग बंदियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी किए जाने की स्थिति, उनके लिए मुलाकात की पृथक व्यवस्था तथा रैम्प जैसी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।इस संबंध में आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
महानिदेशक पी.सी. मीना ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समीक्षा बैठक में उल्लिखित बिंदुओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागीय कार्यों में तत्परता, जवाबदेही एवं कार्यकुशलता बनाए रखने पर बल दिया, ताकि कारागार प्रशासन की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में अपर महानिरीक्षक कारागार प्रशासन धर्मेंद्र सिंह, उपमहानिरीक्षक कारागार प्रदीप गुप्ता, सुभाष चंद्र शाक्य, वित्त नियंत्रक आबिद अली अंसारी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।













