लखनऊ। लखनऊ क्रिकेट एकेडमी और नेपाल की सुदूर पश्चिम रॉयल के बीच आयोजित भारत-नेपाल क्रिकेट एक्सचेंज सीरीज का शानदार समापन अनेक यादगार लम्हों और उत्साहपूर्ण पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ।
लंबे समय बाद इस स्तर के क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन से लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को नए अनुभव प्राप्त हुए। साथ ही, एकेडमी के किशोर एवं युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट की बारीकियां सीखने और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिला।
इस सीरीज का एक विशेष आकर्षण नेपाल के प्रमुख कोच एवं पूर्व राष्ट्रीय टीम के कोच जगत थाम्टा जी का मार्गदर्शन रहा। उन्होंने लखनऊ क्रिकेट एकेडमी के कई युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट की तकनीक, खेल की समझ और बेहतर प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उनके मार्गदर्शन को खिलाड़ियों ने एक यादगार अनुभव बताया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में सुदूर पश्चिम रॉयल, नेपाल के सीईओ अपनी धर्मपत्नी के साथ शामिल हुए। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उनके आगमन से नेपाल और लखनऊ क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस दौरान खिलाड़ियों और अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा भविष्य में भी ऐसे क्रिकेट आयोजनों को जारी रखने की उम्मीद जताई।
समारोह में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के अतिरिक्त इस सफल आयोजन और नेपाल टीम के दौरे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लखनऊ क्रिकेट एकेडमी के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजन सचिव अरशीद रज़ा, सचिव लखनऊ क्रिकेट एकेडमी, को नेपाल की ओर से स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात खिलाड़ियों और आयोजन में विशेष योगदान देने वाले अन्य सदस्यों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
सम्मानित होने वालों में लखनऊ क्रिकेट एकेडमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक शानू काज़मी उर्फ कमर रज़ा, एकेडमी के कोऑर्डिनेटर संदीप पाठक, लोकल मैनेजर यूसुफ जमाल खान, एकेडमी के मैनेजर अब्बास अली रिज़वी तथा ग्राउंड इंचार्ज दिवेन कुमार शामिल रहे। इन सभी ने नेपाल टीम के प्रवास और सीरीज के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विशेष रूप से लोकल मैनेजर यूसुफ जमाल खान ने दिन-रात टीम के साथ रहकर उसकी व्यवस्थाओं का ध्यान रखा। मैचों के अतिरिक्त अन्य गतिविधियों के दौरान भी उन्होंने मेहमान टीम के साथ लखनऊ की तहज़ीब और मेहमाननवाज़ी की परंपरा को बनाए रखा।
इस अवसर पर लखनऊ क्रिकेट एकेडमी के फिजियो डॉ. नासिर नकवी से भी सुदूर पश्चिम रॉयल के सीईओ ने मुलाकात की और उन्हें भेंट प्रदान की।
अपने संबोधन में लखनऊ क्रिकेट एकेडमी के सचिव अरशीद रज़ा ने नेपाल से आए सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह एक्सचेंज सीरीज दोनों देशों के युवा खिलाड़ियों के लिए सीखने, आपसी सहयोग और क्रिकेट संबंधों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है।
उन्होंने भविष्य की योजना साझा करते हुए आश्वस्त किया कि लखनऊ क्रिकेट एकेडमी इस एक्सचेंज सीरीज के तहत जल्द ही नेपाल का दौरा करेगी, जिससे वहां के खिलाड़ियों के साथ भी क्रिकेट खेलने और अनुभव साझा करने के अवसर प्राप्त होंगे।
सुदूर पश्चिम रॉयल, नेपाल के सीईओ ने अपने संबोधन में कहा कि लखनऊ में खिलाड़ियों को जिस प्रकार की सुविधाएं, सहयोग और खेल का सकारात्मक माहौल मिला, उसके लिए वह लखनऊ क्रिकेट एकेडमी और उसकी पूरी टीम के आभारी हैं। उन्होंने सभी आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि यह दौरा उनकी टीम के लिए ऐतिहासिक और यादगार रहेगा।
उन्होंने होटल, स्थानीय परिवहन, मैदानों और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े सभी लोगों का विशेष रूप से धन्यवाद किया। साथ ही, उन्होंने भविष्य में भी लखनऊ में प्रतिवर्ष इस प्रकार की क्रिकेट सीरीज आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की और लखनऊ क्रिकेट एकेडमी को नेपाल आने का पुनः आमंत्रण दिया।
भारत-नेपाल क्रिकेट एक्सचेंज सीरीज का यह सफल आयोजन खेल के माध्यम से दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच आपसी सद्भाव, मैत्री और क्रिकेट संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। इस सीरीज से प्राप्त अनुभव युवा खिलाड़ियों के भविष्य के लिए प्रेरणादायक रहेंगे।












