नवाबी जोश बनाम रॉयल्स का होश: पंत की पलटन के सामने सूर्यवंशी की चुनौती

0
23

आईपीएल 2026 का 32वां मुकाबला सिर्फ एक और लीग मैच नहीं, बल्कि लय बनाम संघर्ष की कहानी भी है। बुधवार शाम 7:30 बजे इकाना स्टेडियम में होने वाले इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगी—जहां एक टीम वापसी की तलाश में है, तो दूसरी अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है।

घरेलू मैदान पर उतर रही एलएसजी के लिए यह मुकाबला आत्मविश्वास वापस पाने का मौका है। कप्तान ऋषभ पंत के नेतृत्व में टीम हालिया हारों से उबरना चाहेगी। दूसरी तरफ, आरआर की टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरेगी, जिसकी नजर प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति और मजबूत करने पर है।

इस मुकाबले का एक दिलचस्प पहलू युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी बन चुके हैं, जिनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने विरोधी टीमों के लिए मुश्किलें खड़ी की हैं। एलएसजी के सलामी बल्लेबाज एडिन मारकरम ने साफ कहा है कि वे सूर्यवंशी के प्रभाव को कम करने की पूरी रणनीति के साथ मैदान में उतरेंगे।

एलएसजी की बल्लेबाजी भले ही अब तक स्थिर नहीं रही हो, लेकिन मिडिल ऑर्डर में निकोलस पूरन और मिचेल मार्श जैसे खिलाड़ी किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं।

गेंदबाजी में मोहम्मद शमी, मयंक यादव, आवेश खान और अनरिच नॉर्टजे की तेज तिकड़ी विरोधी बल्लेबाजों पर दबाव बना सकती है, जबकि वानिंदु हसरंगा स्पिन में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

दूसरी ओर, आरआर का टॉप ऑर्डर इस सीजन में सबसे बड़ा हथियार साबित हुआ है। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की ओपनिंग जोड़ी पावरप्ले में ही मैच का रुख तय कर देती है। कप्तान रियान पराग, ध्रुव जुरेल और शिमरॉन हेटमायर मिडिल ऑर्डर को मजबूती देते हैं।

गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और रविंद्र जडेजा जैसे नाम किसी भी टीम को दबाव में ला सकते हैं। चार जीत और दो हार के साथ आरआर फिलहाल अंक तालिका में मजबूत स्थिति में है। टीम के बल्लेबाज ध्रुव चुड़ैल ने साफ किया है कि टीम अपने जीत के सिलसिले को जारी रखना चाहती है और युवा खिलाड़ियों को मिली आज़ादी का फायदा भी मैदान पर दिख रहा है।

जहां तक पिच की बात है, इकाना की ब्लैक सॉइल सतह पारंपरिक रूप से धीमी रहती है और स्पिनरों को मदद देती है। यहां औसत स्कोर 170-175 के आसपास रहता है। ऐसे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना फायदेमंद हो सकता है, खासकर जब चेज करना यहां थोड़ा आसान माना जाता है। मौसम साफ रहने की संभावना है और ओस का असर कम रहेगा।

हेड-टू-हेड आंकड़े भी इस मुकाबले को और रोचक बनाते हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक छह मुकाबले हुए हैं, जिनमें राजस्थान ने चार और लखनऊ ने दो जीते हैं। हालांकि, घरेलू मैदान पर एलएसजी का रिकॉर्ड हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है—और यही इस मैच को संतुलित बनाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here