नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड का शानदार शो, चेन्नईयिन एफसी को 4-1 से रौंदा

0
63
Photo: Surajit Sharma / Focus Sports / ISL

गुवाहाटी : इंडियन सुपर लीग 2025-26 में नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी ने इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में चेन्नईयिन एफसी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-1 से जीत दर्ज की।

जायरो सैंपेरियो ने पहले हाफ में दो गोलकर टीम की जीत की नींव रखी, जबकि एक आत्मघाती गोल और अंत में लालबियाकडिका के गोल ने ‘हाइलैंडर्स’ की बड़ी जीत सुनिश्चित की। इंडियन सुपर लीग में अपना खाता खोलते हुए और हाफ टाइम से पहले दूसरा गोल करने वाले जायरो सैंपेरियो को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इंडियन सुपर लीग

इस जीत के साथ नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी 12 मैचों में 13 अंकों के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई, जबकि चेन्नईयिन एफसी उतने ही मैचों में नौ अंकों के साथ 13वें स्थान पर बनी हुई है और रेलीगेशन जोन के करीब है।

नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी – 4 (जायरो सैंपेरियो 5’, 45+1’, लालदिनलियाना आर 70’ (आत्मघाती गोल), लालबियाकडिका 90’) 

मैच की शुरुआत तेज़ रही, जहां नॉर्थ ईस्ट को शुरुआती मिनटों में लगातार दो कॉर्नर मिले, जबकि चेन्नईयिन ने काउंटर अटैक से जवाब देने की कोशिश की। हालांकि, पांचवें मिनट में मेजबान टीम ने बढ़त बना ली।

गोलकीपर गुरमीतसिंह ने पीछे से शानदार पास के साथ आक्रमण की शुरुआत की और तेजी से बने मूव में जितिन एमएस ने बॉक्स में सटीक क्रॉस दिया, जिसे जायरो सैंपेरियो ने आसानी से गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।

चेन्नईयिन एफसी – 1 (लालदिनलियाना आर 81’)

Photo: Surajit Sharma / Focus Sports / ISL

नॉर्थ ईस्ट लगातार आक्रामक बनी रही, जहां टोंडोंबा सिंह और थोई सिंह हुइद्रोम ने दूर से शॉट लगाए, जबकि चेन्नईयिन ने धीरे-धीरे गेंद पर नियंत्रण बनाकर खेल में वापसी की कोशिश की। मिडफील्ड में दबदबा बनाने के बावजूद मेहमान टीम साफ मौके बनाने में नाकाम रही और गुरमीत सिंह को ज्यादा चुनौती नहीं मिली।

दूसरी ओर, नॉर्थ ईस्ट ज्यादा खतरनाक नजर आई। जायरो और एंडी रोड्रिगेज ने मोहम्मद नवाज को सेव करने पर मजबूर किया, जबकि चेन्नईयिन के लिए डेनियल चीमा चुक्वू का प्रयास सबसे करीब रहा, जिसे गुरमीत ने रोक लिया। हाफ टाइम से ठीक पहले नॉर्थईस्ट ने बढ़त दोगुनी कर दी। लेफ्ट-बैक मंदर राव देसाई की रक्षात्मक चूक का फायदा उठाते हुए जायरो ने ढीली गेंद पर कब्जा किया और सटीक फिनिश के साथ स्कोर 2-0 कर दिया।

दूसरे हाफ में ‘मरीना मचांस’ ने नई ऊर्जा के साथ शुरुआत की, जहां लालरिनलियाना हनामटे और फारुख चौधरी ने मिडफील्ड में तेजी दिखाई। करीब एक घंटे के आसपास चेन्नईयिन ने कई मौके बनाए, लेकिन गुरमीत ने डेनियल चीमा और इरफान यादवाड़ दोनों के प्रयासों को रोकते हुए टीम को बढ़त बनाए रखने  में मदद की।

70वें मिनट में नॉर्थईस्ट ने एक और गोलकर बढ़त 3-0 कर ली। मैकार्टन निक्सन और जितिन एमएस की शानदार मूव के बाद आए कटबैक को रोकने की कोशिश में चेन्नईयिन के डिफेंडर लालदिनलियाना आर से गेंद अपने ही गोल में चली गई।

81वें मिनट में चेन्नईयिन ने एक गोल वापस किया, जब अल्बर्टोनो गुएरा की शानदार मूव के बाद लालदिनलियाना ने अच्छा फिनिश करते हुए स्कोर 3-1 किया। हालांकि, वापसी की उम्मीद ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी।

90वें मिनट में सब्स्टीट्यूट लालबियाकडिका ने गोलकीपर की गलती का फायदा उठाते हुए चौथा गोलकर मैच पूरी तरह खत्म कर दिया, जब नवाज नजदीकी पोस्ट पर आए शॉट को संभाल नहीं सके और गेंद गोल में चली गई।

इस मुकाबले में हर गोल स्कोरर ने इंडियन सुपर लीग में अपना पहला गोल किया, और नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी ने शानदार प्रदर्शन के साथ तीन अंक हासिल किए, जबकि चेन्नईयिन एफसी को चूके हुए मौकों और रक्षात्मक गलतियों पर आत्म मंथन करना होगा।

ये भी पढ़ें : केरल ब्लास्टर्स की लगातार पांचवीं अजेय जीत, मोहम्मडन एससी फिर हारी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here