राजस्थान यूनाइटेड बनाम श्रीनिधि डेक्कन से चैंपियनशिप चरण की शुरुआत

0
48

श्रीभैनीसाहिब : स्टार सीमेंट इंडियन फुटबॉल लीग 2025-26 के चैंपियनशिप चरण का आगाज़ राजस्थान यूनाइटेड एफसी और श्रीनिधि डेक्कन एफसी के मुकाबले से होगा। यह मैच शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 को श्री भैनी साहिब स्थित नामधारी फुटबॉल स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसका किक-ऑफ भारतीय समय के अनुसार शाम 18:30 बजे होगा।

ग्रुप चरण के समाप्त होने के बाद अब चैंपियनशिप चरण में शीर्ष छह टीमें राउंड-रॉबिन प्रारूप में आमने-सामने होंगी। हर टीम एक-दूसरे से एक-एक बार भिड़ेगी और अंत में सबसे अधिक अंक हासिल करने वाली टीम चैंपियन बनेगी।

राजस्थान और श्रीनिधि  इस चरण में क्रमशःतीसरे और चौथे स्थान पर प्रवेश कर रहे हैं और दोनों का लक्ष्य शीर्ष पर काबिज डायमंड हार्बर एफसी से अंतर कम करना होगा। ऐसे में यह मुकाबला खिताबी दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करने का शुरुआती अवसर प्रदान करेगा।

इंडियन फुटबॉल लीग

राजस्थान यूनाइटेड हाल ही में डेम्पो एससी के खिलाफ 2-1 की वापसी जीत दर्ज कर इस चरण में उतरी है, जिसमें जेरार्ड आर्टिगास और थोम्यो एल. शिमरे ने दूसरे हाफ में गोल किए। डेजर्ट वॉरियर्स के नौ मैचों में 17 अंक हैं और खिताब की दौड़ में बने रहने के लिए उन्हें शेष मुकाबलों में कम से कम चार जीत की आवश्यकता होगी।

इस मैच में जीत उन्हें 20 अंकों तक पहुंचा देगी और वे शीर्ष टीम से केवल दो अंक पीछे रह जाएंगे। राजस्थान ने इस सीजन में 13 गोल किए हैं, जिसमें अमादू सुकौना ने चार गोलकर अहम भूमिका निभाई है। टीम का आक्रमण मुख्य रूप सेविंग्स से संचालित होता है, जहां नाओबा मेइती और आर्टिगास चौड़ाई और रचनात्मकता प्रदान करते हैं।

मुख्य कोच विक्रांत शर्मा ने कहा “अगर खिलाड़ी इंडियन सुपरलीग में खेलना चाहते हैं और किसी अन्य क्लब में जाने के बजाय अपने क्लब को ही वहां ले जाना चाहते हैं, तो यह उनके लिए सबसे बड़ा मौका है। इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता और खिलाड़ी इस बात को समझते हैं।”

नाओबा मेइती ने कहा, “टॉप-6 की सभी टीमें मजबूत हैं, लेकिन हमें अपनी ताकत पर भरोसा है। हम हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार हैं।” दूसरी ओर, श्रीनिधि डेक्कनएफसी अपने पिछले मुकाबले में रियल कश्मीर एफसी के खिलाफ 0-2 की हार के बाद वापसी करना चाहेगी।

टीम के पास 15 अंक हैं और अधिकतम 30 अंकों तक पहुंच सकती है, लेकिन खिताबी दौड़ में बने रहने के लिए उन्हें भी लगातार जीत दर्ज करनी होगी। इस मैच में जीत उन्हें 18 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंचा सकती है।

श्रीनिधि का प्रदर्शन इस सीजन में मजबूत रक्षा पर आधारित रहा है। टीम ने अबतक केवल आठ गोल खाए हैं, जो लीग में सबसे बेहतर रिकॉर्ड है, हालांकि उन्होंने सिर्फ 10 गोल किए हैं।

फैब्रिस का हनेविंग से तीन गोल किए हैं, जबकि सेंटर-बैक हादीइद्रिसू सेट-पीस में खतरा बने रहते हैं। स्टार  स्ट्राइकर डेविड कास्तानेडा का केवल एक गोल करना टीम के लिए चिंता का विषय रहा है।

मुख्य कोच कार्लोस वाज़ पिंटो ने कहा, “राजस्थान यूनाइटेड एक मजबूत टीम है और लीग की बेहतरीन टीमों में से एक है। यह दोनों टीमों के लिए कठिन मैच होगा। हम उनका सम्मान करते हैं, लेकिन हमें अपनी जीत पर भरोसा है। इस चरण में हर टीम खिताब के लिए लड़ रही है, इसलिए मुकाबलों का स्वरूप अलग होगा।”

गोलकीपर कमलजीत सिंह ने कहा, “हम एक-एक मैच पर ध्यान दे रहे हैं। फिलहाल हमारा पूरा फोकस अगले मैच पर है। यह हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण मुकाबला है और हम तीनों अंक हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे।”

दोनों टीमें शुरुआती बढ़त हासिल करने की कोशिश में उतरेंगी, ऐसे में यह मुकाबला खिताबी दौड़ की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

ये भी पढ़ें : सैफ महिला चैंपियनशिप 2026: भारत ग्रुप B में, बांग्लादेश-मालदीव से भिड़ंत

ये भी पढ़ें : रियल कश्मीर ने रोका श्रीनिधि का रास्ता, 2-0 से मारी बाजी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here