राजपूताना रॉयल्स ने जीत के साथ किया आर्चरी प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन का आग़ाज़

0
14
Picture Credit – Archery Premier League

हैदराबाद: गत चैंपियन राजपूताना रॉयल्स ने आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) के दूसरे सीजन की शुरुआत भी जीत के साथ की। रॉयल्स ने बुधवार को हैदराबाद में खेले गए उद्घाटन मुकाबले में पृथ्वीराज योद्धाज को रोमांचक अंदाज़ में 5-3 से हराया।

ओजस देवताले की अगुआई में गत चैंपियन ने समय के दबाव के बीच संयम बनाए रखते हुए पृथ्वीराज योद्धाज को 5-3 से हराया

कंपाउंड तीरंदाज ओजस देवताले और विश्व नंबर-1 एला गिब्सन ने शुरुआत में शानदार निशाने लगाकर रॉयल्स को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं, टोक्यो ओलंपिक के रिकर्व चैंपियन मेटे गाजोज ने समय खत्म होने के दबाव के बावजूद लगातार अंतिम क्षणों में सटीक निशाने लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

Picture Credit – Archery Premier League

 

अभिषेक वर्मा की अगुआई वाली पृथ्वीराज योद्धाज ने धीमी शुरुआत के बाद शानदार वापसी की। उसके पास आखिरी तीर तक मुकाबले को बराबरी पर लाकर हिट-ऑर-मिस शूटआउट में पहुंचाने का मौका था, लेकिन मैक्सिको के मथियास ग्रांडे का आखिरी तीर 8 अंक पर लगना टीम को भारी पड़ गया।

विश्व की पहली फ्रेंचाइजी आधारित तीरंदाजी लीग एपीएल की शुरुआत भारतीय तीरंदाजी संघ ने की है। इसमें छह टीमें और कुल 48 तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 36 भारतीय और 12 शीर्ष अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज शामिल हैं। हैदराबाद के पीपुल्स प्लाजा में चल रही यह लीग 18 अक्टूबर को ग्रैंड फिनाले के साथ समाप्त होगी। शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी और इसके बाद खिताबी मुकाबला होगा।

रॉयल्स ने पहला सेट 73-69 से जीता। ग्रांडे का पहला तीर 7 अंक पर लगने से योद्धाज पर शुरुआत में ही दबाव बन गया। देवताले ने पिछले सत्र की तरह इस बार भी रॉयल्स के लिए आक्रामक शुरुआत की, जबकि गिब्सन ने उनका अच्छा साथ दिया। भारत की अंकिता भगत ने गाजोज को मजबूत सहयोग दिया।

Picture Credit – Archery Premier League

दूसरे सेट में वर्मा ने 10 अंक के साथ शुरुआत की। चारों तीरंदाजों के अच्छे प्रदर्शन के बाद आधे मुकाबले तक स्कोर 37-37 था। समय खत्म होने के करीब ग्रांडे ने अंतिम तीर पर शानदार 10 अंक हासिल किए। गाजोज के पास रॉयल्स को सेट जिताने का मौका था, लेकिन उनका तीर 9 अंक पर लगा और सेट बराबरी पर छूटा। हालांकि सेट समाप्त होने के बाद एक तीर के स्कोर में सुधार किया गया, जिससे योद्धाज को फायदा मिला और स्कोर 2-2 हो गया।

तीसरे सेट से पहले योद्धाज ने बदलाव करते हुए राज कौर की जगह आंद्रिया बेसेरा को उतारा। दोनों टीमों के कंपाउंड तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। देवताले और वर्मा ने एक्स-रिंग में 10 अंक से शुरुआत की, जिसके बाद गिब्सन और बेसेरा ने भी 10 अंक हासिल किए। आखिरी तीरों पर गाजोज और ग्रांडे दोनों समय के दबाव में थे, लेकिन उन्होंने समय रहते निशाना साधा। सेट बांटने के लिए ग्रांडे को 10 अंक की जरूरत थी और उन्होंने ऐसा ही किया। यह उच्च गुणवत्ता वाला सेट 77-77 से बराबर रहा।

चौथे सेट में रॉयल्स ने शानदार शुरुआत की और लगातार तीन 10 अंक हासिल कर आधे सेट तक 39-37 की बढ़त बना ली। 16 वर्षीय गाथा आनंद राव खड़के का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा, लेकिन आखिरी तीर पर 10 अंक हासिल कर उन्होंने योद्धाज को वापसी और शूटआउट की उम्मीद दिलाई। दूसरी ओर, गाजोज ने अंतिम तीर पर शानदार एक्स लगाया, जबकि ग्रांडे केवल 8 अंक ही हासिल कर सके। इसके साथ रॉयल्स ने 5-3 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

दूसरे दिन के पहले मुकाबले में काकातिया नाइट्स का सामना चोल चीफ्स से होगा। दूसरे मैच में गत चैंपियन राजपूताना रॉयल्स की भिड़ंत चेरो आर्चर्स से होगी, जबकि दिन के अंतिम मुकाबले में माइटी मराठाज और पृथ्वीराज योद्धाज आमने-सामने होंगे। लीग का सीधा प्रसारण सोनी लिव, दूरदर्शन और वर्ल्ड आर्चरी टीवी पर किया जा रहा है। टिकट डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो पर उपलब्ध हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here