लखनऊ: 345 एमएलडी भरवारा एसटीपी में राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की ओर से स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एसटीपी एवं सीवर संचालन से जुड़े 100 से अधिक सफाई मित्रों और कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस दौरान मधुमेह, रक्तचाप, आंखों की जांच, वजन तथा शारीरिक स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सकीय टीम ने कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए भी जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान से आए नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सफाई मित्रों को एसटीपी और सीवर संचालन के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। नाटक के जरिए कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन करने, सतर्कता बरतने और आपात स्थिति में सही तरीके से प्रतिक्रिया देने का संदेश दिया गया।
नुक्कड़ नाटक में विशेष रूप से कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में सीपीआर (CPR) के महत्व को समझाया गया। कर्मचारियों को बताया गया कि ऐसी आपात स्थिति में समय पर सीपीआर देकर किस प्रकार व्यक्ति की जान बचाने में मदद की जा सकती है।
स्वास्थ्य और सुरक्षा दोनों हमारी प्राथमिकता : राजेश मठपाल
सुएज के परियोजना निदेशक राजेश मठपाल ने कहा, “हमारे सफाई मित्र और कर्मचारी सीवर नेटवर्क, पंपिंग स्टेशन और एसटीपी के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी मिलती है और समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम कर्मचारियों को स्वस्थ रहने के साथ-साथ कार्यस्थल पर सुरक्षित तरीके से काम करने के लिए भी प्रेरित करते हैं।”
सफाई मित्रों का कार्य समाज के लिए महत्वपूर्ण : डॉ. शिव कुमार मुद्गल
राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार मुद्गल ने कहा, “एसटीपी और सीवर नेटवर्क में कार्य करने वाले सफाई मित्र शहर के स्वच्छता एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनका कार्य चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है।
हमारा उद्देश्य है कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। स्वास्थ्य जांच और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें अपने स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल के लिए प्रेरित किया जा सकता है।”
कार्यक्रम में राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की ओर से प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार मुद्गल, उप प्रधानाचार्य प्रोफेसर निपिन कलाल, एचओडी कम्युनिटी हेल्थ नवीना जेएच तथा शिक्षक जयवर्धन सिंह मौजूद रहे। वहीं सुएज की ओर से परियोजना निदेशक राजेश मठपाल, हेल्थ एंड सेफ्टी मैनेजर पंकज सिंह, प्लांट इंचार्ज पार्थ सारथी नाथ और कम्युनिकेशन मैनेजर अक्षत सक्सेना उपस्थित रहे।













