डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन–वाराणसी के पहले दौर में सुनीत चौरसिया, मुकीम अली और दीपांकर कौशल ने संयुक्त बढ़त हासिल की

0
22

वाराणसी : कोलकाता के सुनीत चौरसिया, मथुरा के मुकीम अली और नोएडा के दीपांकर कौशल ने तीन-अंडर 67 के समान स्कोर के साथ बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में खेले जा रहे पहले आईएनआर 25 लाख डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन – वाराणसी के पहले दौर के बाद संयुक्त बढ़त हासिल की।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट के शीर्ष खिलाड़ी सुनीत चौरसिया लगातार दो खिताब जीतकर वाराणसी पहुंचे हैं। उन्होंने मार्च में पटना गोल्फ क्लब में आयोजित अल्फा स्पोर्ट्स अकादमी गोल्फ चैंपियनशिप और पिछले सप्ताह लखनऊ में विजय कुमार मेमोरियल टूर्नामेंट अपने नाम किया था। कोलकाता के इस गोल्फर ने पार-4 10वें होल पर एक डबल बोगी, दो बोगी और सात बर्डी के साथ तीन-अंडर 67 का स्कोर बनाकर संयुक्त बढ़त हासिल की।

अपने राउंड के बारे में सुनीत ने कहा, “संयुक्त बढ़त में रहना अच्छा लग रहा है। मेरी शुरुआत अच्छी रही, लेकिन 10वें होल पर डबल बोगी ने मेरी लय को थोड़ा प्रभावित किया। उसके बाद मैंने धैर्य बनाए रखा, अपनी रणनीति पर कायम रहा और अच्छी वापसी की।”

दोपहर के सत्र में खेलने वाले सुनीत को गर्म और उमस भरे मौसम का भी सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा, “पिछले सप्ताह लखनऊ की तुलना में यहां काफी ज्यादा गर्मी और उमस थी, इसलिए खुद को हाइड्रेटेड रखना और ऊर्जा बनाए रखना बहुत महत्वपूर्ण था। हर कोर्स की अपनी अलग चुनौती होती है और यहां सबसे अहम बात टी-शॉट्स पर गेंद को खेल में बनाए रखना है।”

Shotgun start में पार-4 पांचवें होल से शुरुआत करने वाले मुकीम अली ने भी तीन-अंडर 67 का स्कोर बनाकर बढ़त में हिस्सेदारी की। मथुरा के मुकीम ने पांच बर्डी और दो बोगी लगाईं। उन्होंने 16वें से 18वें होल तक लगातार तीन बर्डी लगाकर लीडरबोर्ड में शीर्ष स्थान हासिल किया।

अपने प्रदर्शन पर मुकीम ने कहा, “आज मेरी पटिंग काफी अच्छी रही और उसी ने अंतर पैदा किया। मेरा पूरा खेल मजबूत रहा और जब पटर साथ देता है तो आत्मविश्वास भी बढ़ जाता है।”

नोएडा गोल्फ कोर्स को अपना घरेलू कोर्स मानने वाले दीपांकर कौशल ने पार-3 आठवें होल से शुरुआत की और अपने राउंड में पार-5 18वें होल पर एक ईगल, चार बर्डी, एक बोगी और पार-4 12वें होल पर एक डबल बोगी लगाई।

कुछ गलतियों के बावजूद दीपांकर अपने बॉल-स्ट्राइकिंग प्रदर्शन से संतुष्ट नजर आए। उन्होंने कहा, “मैंने गेंद को बहुत अच्छी तरह हिट किया और 17 ग्रीन्स इन रेगुलेशन हासिल किए। डबल बोगी निराशाजनक थी, लेकिन मैंने ईगल लगाकर वापसी की और पूरे दिन खुद को मौके देता रहा। कुल मिलाकर यह एक अच्छा राउंड था।”

मेजबान कोर्स की तारीफ करते हुए दीपांकर ने कहा, “कोर्स की स्थिति देखकर मैं सुखद रूप से आश्चर्यचकित था। मौसम को देखते हुए यह शानदार हालत में है। सप्ताह के बाकी दिनों के लिए मेरी रणनीति सरल रहेगी—फेयरवे और ग्रीन्स को हिट करना और मिलने वाले मौकों का फायदा उठाना।” दिल्ली के पवन वर्मा और गुरुग्राम के निखिल शर्मा दो-अंडर 68 के स्कोर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहे।

कोलकाता के प्रतीम कुमार और सौविक नायक के साथ वाराणसी के स्थानीय खिलाड़ी हेमंत यादव एक-अंडर 69 के स्कोर के साथ संयुक्त छठे स्थान पर रहे। पहले दिन स्कोरिंग आसान नहीं रही और 72 खिलाड़ियों के मैदान में केवल 11 खिलाड़ी ही इवन-पार 70 या उससे बेहतर स्कोर बना सके।

वाराणसी के दूसरे स्थानीय पेशेवर खिलाड़ी इमामुल हक ने 73 का स्कोर बनाया और संयुक्त 26वें स्थान पर रहे।
2026 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट का विजेता 2027 सीज़न के लिए मुख्य डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई टूर में खेलने का विशेष अधिकार (एक्जेम्प्शन) प्राप्त करेगा।

पीजीटीआई अपने अंब्रेला पार्टनर डीपी वर्ल्ड के साथ-साथ अपने टूर पार्टनर्स एक्सिस बैंक, अमूल, कैंपा, कल्याणी, अमृतांजन एनरल्याइट, गोल्फ प्लस मंथली और गोल्फ डिजाइन इंडिया का भारत में पेशेवर गोल्फ के विकास और प्रोत्साहन में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here