यू मुंबा टीटी का विजयी अभियान जारी, पुणे जैगुआर्स को 9-6 से हराया

0
23
Picture Credit – Butterfly UTT

गोवा : गत विजेता यू मुंबा टीटी ने बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन-7, पावर्ड बाय चैटजीपीटी में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को महाराष्ट्र डर्बी में पीबीजी पुणे जैगुआर्स को 9-6 से हराया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में मिली यह लगातार दूसरी जीत यू मुंबा को अंक तालिका में शीर्ष पर ले गई।

संतुलित शुरुआत के बाद यू मुंबा ने मुकाबले पर पकड़ मजबूत कर ली। कप्तान मानुष शाह और एना हर्सी ने मिश्रित युगल में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों गेम जीते, जबकि फ्रांस के लिलियन बार्डे ने ओमर अस्सार के खिलाफ रोमांचक गोल्डन प्वाइंट मुकाबला जीतकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।

Picture Credit – Butterfly UTT

टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के तत्वावधान में और नीरज बजाज तथा वीटा दानी द्वारा प्रोमोट की जा रही बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7 में दुनिया भर के 42 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 14 ओलंपियन शामिल हैं। लीग भारतीय टेबल टेनिस के विकास को बढ़ावा देने के अपने मिशन को भी आगे बढ़ा रही है।

महाराष्ट्र डर्बी की शुरुआत पुणे के पक्ष में रही। स्नेहित सुरवज्जुला ने इस सीजन अपनी अपराजेय लय बरकरार रखते हुए पहला गेम गंवाने के बाद वापसी की और मानुष शाह को 2-1 से हराया। इसके बाद यू मुंबा की एना हर्सी ने शानदार संयम दिखाते हुए दिया चिताले को तीन गेम में हराकर स्कोर बराबर कर दिया।

निर्णायक मोड़ मिश्रित युगल मुकाबले में आया, जहां मानुष और हर्सी की जोड़ी ने स्नेहित सुरवज्जुला और पृथिका पावड़े को लगातार तीन गेम में हराकर यू मुंबा को मजबूत बढ़त दिलाई।

Picture Credit – Butterfly UTT

इसके बाद सारी उम्मीदें पुणे के ओमर अस्सार पर टिकी थीं। उन्होंने लिलियन बार्डे के खिलाफ पहला गेम जीता, लेकिन फ्रांसीसी खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक गेम में अस्सार ने टेबल के चारों ओर से शानदार विनर लगाया, जिसे बाद में ‘बिसलेरी शॉट ऑफ द टाई’ चुना गया। हालांकि, गोल्डन प्वाइंट पर बार्डे ने धैर्य बनाए रखा और मुकाबला जीतकर यू मुंबा की लगातार दूसरी जीत पक्की कर दी।

टाई का नतीजा तय हो जाने के बाद पृथिका पावड़े ने अनुषा कुटुम्बाले को 2-1 से हराकर पुणे को सम्मानजनक अंत दिलाया। दोनों खिलाड़ियों के बीच दूसरे गेम में इस सीजन की सबसे लंबी 31 शॉट की रैली देखने को मिली, जिसमें पावड़े ने लगातार आक्रमण झेलने के बाद अंततः अंक हासिल किया। हालांकि तीसरे गेम में अनुषा ने गोल्डन प्वाइंट पर शानदार बैकहैंड विनर लगाकर गेम अपने नाम किया।

मानुष शाह को इंडियन प्लेयर ऑफ द टाई चुना गया, जबकि एना हर्सी को फॉरेन प्लेयर ऑफ द टाई और चैटजीपीटी मैच आईक्यू प्लेयर ऑफ द टाई का पुरस्कार मिला।

इससे पहले ड्रीम यूटीटी जूनियर्स में दबंग दिल्ली टीटीसी ने यूपी प्रोमेथियंस को 5-4 से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदें बरकरार रखीं। वहीं, अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स ने पीबीजी पुणे जैगुआर्स को 5-4 से हराया, हालांकि दोनों टीमें सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं।

शुक्रवार के डबल-हेडर मुकाबलों में अहमदाबाद का सामना कोलकाता से, जबकि दिल्ली की भिड़ंत गोवा से होगी। सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर होगा

बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7 के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स खेल (हिंदी), स्टार स्पोर्ट्स तमिल 2 एचडी और स्टार स्पोर्ट्स तमिल 3 एचडी पर होगा, जबकि जियोहॉटस्टार पर हिंदी, तमिल और अंग्रेजी में लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।

अंतिम परिणाम

यू मुंबा टीटी 9-6 पीबीजी पुणे जैगुआर्स

* मानुष शाह, स्नेहित सुरवज्जुला से 1-2 (11-6, 9-11, 6-11) से हारे
* एना हर्सी ने दिया चिताले को 2-1 (11-9, 9-11, 11-6) से हराया
* मानुष शाह/एना हर्सी ने स्नेहित सुरवज्जुला/पृथिका पावड़े को 3-0 (11-9, 11-4, 11-7) से हराया
* लिलियन बार्डे ने ओमर अस्सार को 2-1 (7-11, 11-7, 11-10) से हराया
* अनुषा कुटुम्बाले, पृथिका पावड़े से 1-2 (8-11, 10-11, 11-10) से हारीं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here